UP: भूमि विवाद में खूनी संघर्ष...छह घायल, दो घंटे सड़क जाम, डंडे और हॉकी से दौड़ा-दौड़ा कर पीटा
Jaunpur News: 10 की संख्या में मनबढ़ों ने लाठी, डंडे और हॉकी से लोगों को पीटा। पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अपनी नाराजगी जताई। घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने सड़क पर घायलों को लिटाकर प्रदर्शन किया। पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।
विस्तार
UP News: लाइन बाजार थानाक्षेत्र के मीरपुर गांव में रविवार को भूमि विवाद में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। पुरानी रंजिश में मनबढ़ों ने लाठी, डंडे और हॉकी से ताबड़तोड़ हमला किया। इससे एक पक्ष से छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने घायलों को चारपाई पर लिटाकर जौनपुर-शाहगंज हाईवे जाम कर दिया। इस दौरान पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। मौके पर पुलिस के उच्चाधिकारी और तीन थानों की पुलिस पहुंची।
मीरपुर गांव निवासी धीरज मौर्य, सावन मौर्य का कलंदर बिंद से पुरानी रंजिश और जमीन का विवाद है। इसे लेकर पहले भी कई बार दोनों पक्षों के बीच मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। मामला थाने तक पहुंचा लेकिन कार्रवाई चालान तक ही सीमित रही। रविवार को सुबह करीब आठ बजे मीरपुर गांव के सावन मौर्य (25), नीरज मौर्य (39) पर 10 की संख्या में मनबढ़ों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया।
पुलिस ने की कार्रवाई
बीचबचाव करने आई घर की महिलाएं किरन देवी, प्रेमा देवी, धीरज मौर्य और अंबरीष मौर्य को भी मारपीट कर घायल कर दिया। बार-बार हो रही ऐसी घटनाओं से गुस्साए परिजनों और 40 से अधिक ग्रामीणों ने जौनपुर-शाहगंज हाईवे स्थित धन्नेपुर चौराहे पर घायलों को चारपाई पर लिटाकर सुबह 10 बजे सड़क जाम कर दी।
इससे कुछ ही देर में वाहनों की कतार लग गई। घटना की सूचना पर एसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव, एएसपी ग्रामीण आतिश कुमार सिंह, सीओ सदर देवेश सिंह, थाना प्रभारी गौराबादशाहपुर प्रवीण यादव, जफराबाद थाना प्रभारी श्रीप्रकाश शुक्ल और लाइन बाजार थाने की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे।
घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां से सावन कुमार को ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने लाइन बाजार थाना व चौकिया पुलिस चौकी के पुलिसकर्मियों पर पूर्व की घटनाओं से ही लापरवाही बरतने का आरोप लगाया। पुलिस ने दोपहर 12 बजे किसी तरह समझा-बुझाकर शांत कराया।
ताबड़तोड़ दबिश, आठ को उठाया
पहले मामले को लेकर उदासीन रहने वाली पुलिस ने प्रदर्शन के बाद तेजी दिखाई। पुलिस ने ताबड़तोड़ दबिश देते हुए मामले में आठ आरोपियों को लोगों को हिरासत में ले लिया। उनसे पूछताछ की जा रही थी। एएसपी सिटी आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि पुलिस कार्रवाई कर रही है। दो आरोपियों पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई के लिए पूर्व में ही रिपोर्ट भेजी गई है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद अस्पताल पहुंचे राज्यमंत्री और डीएम
घटना की जानकारी मिलने के बाद राज्यमंत्री गिरीशचंद्र यादव और डीएम डॉ. दिनेश चंद्र भी जिला अस्पताल पहुंचकर प्रकरण की जानकारी ली। राज्यमंत्री ने पुलिस विभाग के अधिकारियों से मामले में त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने को कहा।
घटना में एक मौत होने की बात महज अफवाह
मारपीट की घटना के बाद प्रदर्शन का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसी बीच किसी ने घटना में घायल एक व्यक्ति की मौत की अफवाह उड़ा दी। इससे पुलिस महकमे के कान खड़े हो गए। हालांकि पुलिस ने बताया कि मौत की खबर पूरी तरह अफवाह है।