UP Accident: अयोध्या से लौटते समय सड़क हादसा, भाई-बहन की मौत; प्रतापगढ़ मेडिकल कॉलेज में चल रहा था इलाज
Jaunpur News: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसे के बाद भाई-बहन की माैत हो गई। इसकी जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर पुलिस भी माैके पर पहुंच गई। परिजनों से जानकारी लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
UP Accident: प्रतापगढ़ जिले में शिवगढ़ रानीगंज चौराहे के पास बुधवार देर रात जौनपुर जा रहे कार सवार भाई-बहन सड़क किनारे खड़े पिकअप में पीछे से टकरा गए। हादसे में दोनों की मौत हो गई। युवती का मंगेतर भी गंभीर रूप से घायल हो गया। प्रतापगढ़ मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज चल रहा है।
मनकापुर के पटेलनगर निवासी सोनू सोनी ने बताया कि वह लखनऊ में पत्नी के साथ गोमती नगर में रहते हैं। छोटा भाई आकाश सोनी उर्फ मोनू, छोटी बहन रोली जौनपुर के मंगुरा बादशाह नगर निवासी बहन दीपा सोनी के घर में रहते थे।
दोनों मंगलवार को कार से रोली के मंगेतर मंगुरा बादशाह नगर निवासी मोहित के साथ मनकापुर में मकान बेचने के सिलसिले में आए थे। यहां से बुधवार को कार से जौनपुर जाने के लिए निकले थे। कार मोहित चला रहे थे। रास्ते में प्रतापगढ़ के शिवगढ़ रानीगंज चौराहे के पास हुए सड़क किनारे खड़े पिकअप में कार पीछे से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने कटर मशीन से कार का गेट काटकर तीनों को बाहर निकाला। हादसे में आकाश (23) व रोली (26) की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल मोहित को प्रतापगढ़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बनी है। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
हादसे की ये थी वजह
सोनू ने बताया कि पिता राजेंद्र सोनी की वर्ष 1995 व माता शकुंतला की वर्ष 2019 में मृत्यु हो गई थी। तभी से पटेल नगर स्थित पैतृक मकान में कोई नहीं रहता है। कई वर्षों से मकान में ताला बंद है। उसी मकान को बेचने के छोटा भाई मोनू, बहन रोली व रोली का मंगेतर मोहित आए थे। मकान अभी बिका नहीं है। बुधवार रात लौटते समय कार का वाइपर खराब था। बारिश हो रही थी। इससे दृश्यता कम हो गई थी। इसी वजह से कार सड़क किनारे खड़े पिकअप से टकरा गई।
नवंबर में होनी थी रोली की शादी
सोनू के अनुसार सबसे बड़ी बहन रचना सोनी (40) की शादी नए नगर रेहरा से हुई है। दूसरी बहन दीपा सोनी की शादी मंगुरा बादशाह नगर जौनपुर में हुई है। छोटी बहन रोली व भाई मोनू बहन दीपा के घर में रहते थे। रोली की सगाई मोहित से हो चुकी थी। नवंबर में दोनों की शादी होनी थी।
घटना की जानकारी मिली है। पीड़ित परिवार मुंगराबादशाहपुर का रहने वाला है। स्थानीय पुलिस और प्रशासन द्वारा पीड़ित परिवार की हर संभव सहायता की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर कानूनी जांच शुरू कर दी गई है। - अश्विनी दुबे, थानाध्यक्ष (मुंगराबादशाहपुर)