प्रेमी से कराई पत्नी की शादी: पति बोला- ऐसी पत्नियों से डर लगता है, स्कूल टाइम से था अफेयर; जानें मामला
Jaunpur News: जौनपुर का यह मामला काफी चर्चा में है। पति के साथ मुंबई में रह रही पत्नी अपने प्रेमी के साथ भागकर जिले के एक गांव में आ गई। पति को इसकी जानकारी हुई तो उसने दोनों की शादी करा दी और बच्चे को अपने पास रख लिया।
विस्तार
UP News: पति ने अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से शुक्रवार को करा दी। साथ ही कचहरी में लिखा-पढ़ी करते हुए अपने बच्चे को लेकर मिर्जापुर स्थित घर चला गया। वहीं, पत्नी भी प्रेमी के साथ चली गई। ये सब कुछ पति, पत्नी और प्रेमी के परिजनों के साथ-साथ अधिवक्ताओं की मौजूदगी में हुआ।
मिर्जापुर का रहने वाले पति की शादी जौनपुर के जलालपुर निवासी एक युवती के साथ 2022 में हुई। 2023 में एक बच्चा भी हुआ है। फिर दोनों पति-पत्नी महाराष्ट्र रहने लगे। एक दिन उसकी पत्नी अपने प्रेमी के साथ मुंबई से भगाकर गांव आ गई। घटना के बाद पीड़ित पति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। इधर, दोनों के गांव आने की जानकारी होने पर पति घर आया।
हालात को समझते हुए गुस्से या बदले के बजाय त्याग का रास्ता चुना। वह पत्नी और उसके प्रेमी को लेकर मंदिर पहुंचा, जहां पूरे विधि-विधान से विवाह संपन्न कराया गया। इसके बाद शुक्रवार को दोनों को कचहरी लाया। जहां लिखा-पढ़ी करते हुए हंसी-खुशी अपने पत्नी को उसके प्रेमी के साथ विदा कर दिया।
प्रेमी के साथ भाग गई थी पत्नी
पति खुद आगे बढ़कर पत्नी और उसके प्रेमी को आशीर्वाद देते नजर आया। पीड़ित पति ने अपने बच्चे को लिखा-पढ़ी करते हुए अपने साथ रखने का फैसला किया है। वहीं, पीड़ित पति ने मीडिया को यह बताया कि प्रेमी के वजह से इस समय पत्नियों ने कई कांड कर दिया है। प्रेमी रखने वाली पत्नियों से डर लगता है।
इससे डर से वह भी अपने पत्नी की प्रेम कहानी की जानकारी मिलते ही उसको उसके प्रेमी के साथ भेज दिया। वहीं, पत्नी ने मीडिया के कैमरे के सामने बताया कि उसकी शादी झूठ बोल कर कराई गई, जिससे वो खुश नहीं थी। वह अपने स्कूल में पढ़ने वाले प्रेमी से बेइंतहा प्यार करती है।
प्रेमी राजू बैरागी ने बताया कि वह दोनों साथ में पढ़ते थे, लेकिन कोई प्रेम प्रसंग नहीं था। उसकी भी शादी हुई थी, लेकिन उसकी पत्नी की मौत के बाद वह अकेला हो गया। एक दिन उसकी युवती से बात हुई और उसने बताया कि वह अपने पति से खुश नहीं है। उसके बाद धीरे-धीरे दोनों में प्यार हो गया। वह उसे मुंबई से भगा लाया। अब दोनों शादी करके जीवन बिताना चाहते हैं।