जौनपुर। जिले की सभी तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। मछलीशहर तहसील में जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने जनसुनवाई की। गरियांव गांव निवासी भरत मिश्र का कहना है कि शारदा सहायक खंड 39 में बने साइफन खोलने और मैन होल बंद करने की दर्जनों बार शिकायत की लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। हर बार की तरह इस बार भी मामले की जांच के लिए निर्देश दिया गया है। घाटमपुर की रूपाली दुबे का आरोप है कि पड़ोसियों के उत्पीड़न से परेशान हैं। दर्जनों बार शिकायत की लेकिन समाधान नहीं हुआ। आज भी जिलाधिकारी से शिकायत की है कि पड़ोसी उसके खेत में आग लगा दिया, जिससे उसका खुद का विद्युत केबल जल गया और हफ्तों से विद्युत आपूर्ति बाधित है।
इसी तरह जमालपुर के अभिषेक नारायण सिंह ने गांव के प्राथमिक विद्यालय को जोड़ने वाली सड़क की मरम्मत के लिए तो दारुनपुर के इंद्रमणि पत्थरगड्डी के बाद कब्जा न पाने की शिकायत की। बभनियांव की बसंती देवी ने बैनामे की भूमि पर कब्जा न पाने और मुबारकपुर के रामसुमेर ने अपने ही पुत्र द्वारा पुस्तैनी जमीन कब्जा करने के बाद इलाज न कराने की शिकायत की। वहीं, ग्राम कौरहा निवासी राजेंद्र प्रसाद सिंह ने प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर अवगत कराया कि गांव के रास्ते पर गिट्टी डालकर मार्ग अवरुद्ध कर दिया गया है, जिससे आवागमन में समस्या उत्पन्न हो रही है। घिसुआ निवासी शिव शंकर विश्वकर्मा ने शिकायत किया कि लगभग 50 वर्षों से प्रचलित मार्ग को अवरुद्ध कर दिया गया है। उन्होंने मार्ग को पुनः बहाल कराने की मांग की। अमाई निवासी हरिलाल ने ग्राम सभा की भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटवाने एवं रास्ता बनवाने के संबंध में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया। इस तरह 109 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। शाहगंज : तहसील सभागार में शनिवार को उपजिलाधिकारी कुणाल गौरव की अध्यक्षता में आयोजित किया जनसुनवाई में 115 प्रार्थना पत्र में से मौके पर 17 का निस्तारण किया गया।