ललितपुर। भारतीय विद्यार्थी परिषद ने तांडव वेब सीरीज में हिंदू देवी-देवताओं के ऊपर की गई टिप्पणी के विरोध में घंटाघर परिसर में निर्माता-निर्देशक अली अब्बास जफर और अभिनेता सैफ अली खान का पुतला फूंका।
जिला संगठन मंत्री सुमित प्रताप सिंह ने बताया कि हिंदू देवी, देवताओं को मजाक बनाकर केवल सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश अक्सर की जाती है। वेब सीरीज में पहले ही एपिसोड में भगवान श्री राम और भोलेनाथ पर मजाक बनाया गया है, उसे सीरीज से हटाना चाहिए। वरना, पूरी सीरीज को बैन कर देना चाहिए। जिला संयोजक पीयूष प्रताप सिंह बुंदेला ने कहा कि अब देवताओं के नाम पर मजाक सहन नहीं किया जाएगा। अभिव्यक्ति की आजादी के नाम पर लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का अधिकार किसी के पास नहीं है। इस मौके पर जिला संगठन मंत्री सुमित प्रताप सिंह, नगर अध्यक्ष दीपक गुप्ता, नगर उपाध्यक्ष भूपेंद्र भैया, जिला सह संयोजक अतुल वैद्य, शिवम वर्मा, महेंद्र कुमार, हर्ष त्रिपाठी, दीपेंद्र साहू, सुरेंद्र बिरारी, अंकित राठौर आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।