बिजनौर: खुले नाले में डूबकर दो साल के बच्चे की मौत, छह महीने पहले हुआ था निर्माण; परिजनों ने की मुआवजे की मांग
बिजनौर के धामपुर क्षेत्र के जोगीपुरा गांव में खुले नाले में गिरने से दो वर्षीय शिवांश उर्फ किट्टू की मौत हो गई। परिजनों ने 10 लाख रुपये मुआवजे और जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।
विस्तार
बिजनौर जनपद के धामपुर थाना क्षेत्र के जोगीपुरा गांव में खुले नाले में गिरने से दो वर्षीय शिवांश उर्फ किट्टू की मौत हो गई। सोमवार देर रात हुई इस घटना से परिवार में कोहराम मच गया। घर के बाहर खेलते समय बालक अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने तलाश शुरू की तो घर के पास बने खुले नाले में उसका शव मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने सरकार से 10 लाख रुपये मुआवजा दिलाने और घटना की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई करने की मांग की है।
छह महीने पहले बना था नाला, ढका नहीं गया
गांव निवासी जितेंद्र, रविंदर और विनोद कुमारी आदि ने बताया कि शिवांश उर्फ किट्टू पुत्र कौशिक कुमार सोमवार देर शाम घर के बाहर खेल रहा था। काफी देर तक दिखाई नहीं देने पर परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू कर दी।
कौशिक के घर के पास ही एक नाला बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार, इसकी गहराई करीब दो फीट और चौड़ाई ढाई फीट है। पंचायत की ओर से करीब छह महीने पहले इसका निर्माण कराया गया था, लेकिन नाले को सीमेंटेड पटों से नहीं ढका गया। नाला खुला पड़ा था और उसमें पानी भरा हुआ था। तलाश के दौरान इसी नाले में मासूम का शव मिला।
यह भी पढ़ें: मेरठ: तेज हवा और धूप से प्रदूषण में राहत, AQI 182 पर पहुंचा; रात में बढ़ने लगी ठंड
प्रधान और सचिव से शिकायत का दावा
मृतक के चाचा सोनू का कहना है कि यदि नाले को समय रहते ढकवा दिया गया होता तो मासूम की जान बच सकती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि खुले नाले से पहले से ही खतरा बना हुआ था। कई बार प्रधान और सचिव से इसे ढकवाने की मांग की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने पंचायत और संबंधित ठेकेदार की भूमिका की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि नाले के निर्माण के दौरान सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
10 लाख रुपये मुआवजे की मांग
मृतक शिवांश उर्फ किट्टू अपने पिता कौशिक कुमार के तीन बच्चों में सबसे छोटा था। मासूम की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने सरकार से 10 लाख रुपये मुआवजा दिलाने की मांग की है।
ग्रामीणों ने गांव के सभी खुले नालों को तत्काल ढकवाने और हादसे की जिम्मेदारी तय करने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि समय रहते सुरक्षा इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना दोबारा न हो। पुलिस के अनुसार, शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। खबर लिखे जाने तक पुलिस को तहरीर नहीं दी गई थी।
