प्रतापगढ़ : संग्रामगढ़ में मां-बेटे की संदिग्ध मौत से हड़कंप, पति पर हत्या का आरोप; आईजी और एसपी पहुंचे
प्रतापगढ़ के संग्रामगढ़ में महिला और उसके दो वर्षीय बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। मायके पक्ष ने पति पर दोनों की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। सूचना पर आईजी प्रयागराज, एसपी दीपक भूकर समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मौत की वजह जानने के लिए सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
विस्तार
संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के लाल पट्टी स्थित नया पुरवा गांव में एक महिला और उसके दो वर्षीय बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शनिवार देर रात हुई इस घटना की जानकारी रविवार सुबह मिलने के बाद गांव में हड़कंप मच गया। मृतका के मायके पक्ष ने उसके पति पर पत्नी और बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रयागराज के आईजी अजय कुमार मिश्रा, प्रतापगढ़ के पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी और विभिन्न थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।
दस साल पहले हुई थी शादी
नया पुरवा गांव निवासी सुरेश कुमार पटेल पुत्र ओंकारनाथ पटेल की शादी करीब दस वर्ष पहले मानिकपुर थाना क्षेत्र के अंतामऊ गांव निवासी शिवचरण की बेटी नीता देवी (30) से हुई थी। बताया गया कि शनिवार रात परिवार ने भोजन किया था। इसके बाद नीता अपने दो वर्षीय बेटे यीशु के साथ सोने चली गईं। रविवार सुबह मां-बेटे की मौत की जानकारी सामने आने पर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
मायके पक्ष ने पति पर लगाया गंभीर आरोप
नीता के मायके पक्ष ने आरोप लगाया कि उसके पति सुरेश कुमार पटेल ने पत्नी और बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। परिजनों ने घटना की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।मायके पक्ष का यह भी आरोप है कि घटना को फांसी लगाने से जोड़कर बताने की बात कही गई थी। परिजनों ने दावा किया कि पुलिस को सूचना दिए जाने से पहले दोनों शवों को बिस्तर से हटाकर बाहर चारपाई पर रख दिया गया था। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
आईजी और एसपी समेत कई अधिकारी पहुंचे
घटना की सूचना मिलते ही संग्रामगढ़ थानाध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी प्रयागराज अजय कुमार मिश्रा, एसपी दीपक भूकर, अपर पुलिस अधीक्षक बृजनंदन राय और सीओ लालगंज राजीव द्विवेदी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। कई थानों की पुलिस भी मौके पर पहुंची। वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल की परिस्थितियों का जायजा लिया और संबंधित जानकारी जुटाई। पुलिस मायके पक्ष की ओर से लगाए गए आरोपों के साथ ही घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से स्पष्ट होगी मौत की वजह
फिलहाल महिला और उसके बेटे की मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत की परिस्थितियों का पता चल सकेगा। पति पर लगाए गए आरोपों की पुष्टि भी जांच के बाद ही हो सकेगी। एक ही परिवार में मां और मासूम बेटे की मौत से नया पुरवा गांव में शोक का माहौल है। घटना के बाद ग्रामीणों की निगाहें पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।