Mission 2024: पूर्व विधायक इमरान मसूद का बड़ा एलान, हर हाल में लडूंगा चुनाव, राजनीतिक हलचल शुरू
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर सभी पार्टियां अपने दलों की मजबूत पैठ बनाने के लिए जनता के बीच उतरना शुरू कर चुकी हैं। वहीं उम्मीदवारों की लिस्ट में कौन से नाम रहेंगे इस पर चर्चाएं तेज हैं। इसी बीच सहारनपुर से पूर्व विधायक इमरान मसूद ने भी बड़ा एलान कर दिया है। उन्होंने कहा है कि वह अपने समर्थकों को निराश नहीं करेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अमर उजाला संवाददाता से हुई बातचीत में इमरान ने कहा कि चुनाव को लेकर पूरी तैयारी की जा रही है। न केवल मुस्लिम समाज, बल्कि हर वर्ग के लोगों को साथ लेकर काम कर रहे हैं। समर्थक चाहते हैं कि वह चुनाव लड़ें। उन्हें निराश नहीं किया जाएगा।
अगर सपा के खाते में सहारनपुर लोकसभा सीट जाती है इस सवाल के जवाब में इमरान ने कहा कि वह समय बताएगा कि क्या होगा, लेकिन हम हर हाल में चुनाव लड़ेंगे। जिस तरीके से इमरान ने कहा कि वह चुनाव लड़ेंगे उसके पीछे कई अटकलें लगाई जा रही हैं। यदि सीट सपा के खाते में जाती है तो ऐसी स्थिति में वह क्या करेंगे। वह निर्दलीय चुनाव लड़ेंगे या फिर पार्टी उनका रूख बिजनौर की तरफ करेगी। हालांकि राजनीति में कुछ भी संभव है।
सपा और कांग्रेस में ये हो सकते हैं दावेदार
राजनीतिक दिग्गजों की मानें तो अगर सहारनपुर लोकसभा सीट कांग्रेस के खाते में जाती है तो अभी तक पूर्व विधायक इमरान मसूद की प्रबल दावेदारी मानी जा रही है। यदि सीट सपा के खाते में जाती है तो विधायक आशु मलिक, पूर्व विधायक मनोज चौधरी, गंगोह विधानसभा प्रभारी चौधरी इंद्रसेन और कई अन्य के नाम चर्चाओं में हैं।
हाजी फजर्लुरहमान भी छोड़ सकते हैं पार्टी का दामन
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि बसपा सांसद हाजी फजर्लुरहमान भी पार्टी का दामन छोड़ सकते हैं, जिनकी सपा में आने को लेकर चर्चा जोरों पर है। हालांकि अभी चुनाव में समय है। ऐसे में अभी कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।
2007 में निर्दलीय विधायक रह चुके हैं इमरान
2022 विधानसभा चुनाव से पहले जनवरी में इमरान ने कांग्रेस छोड़ दी थी। इसके बाद समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे, लेकिन यहां पर टिकट नहीं मिलने के बाद इमरान ने सपा से भी अलविदा कह दिया था और बसपा में चले गए थे। कुछ माह पहले राहुल गांधी की तारीफ करने पर बसपा ने उन्हें निष्कासित कर दिया था। इसके बाद वह दोबारा कांग्रेस में आ गए थे। बता दें, कि इमरान वर्ष 2007 में सहारनपुर जिले की मुजफ्फराबाद सीट (अब बेहट सीट) से निर्दलीय विधायक रह चुके हैं। वह सहारनपुर लोकसभा सीट से तीन बार चुनाव लड़ चुके हैं। हालांकि जीत हासिल नहीं कर सके।