यूपी: बीच सड़क युवक को गोलियों से भून डाला, हाल ही में जेल से बाहर आया था; सिर पर था साले की हत्या का इल्जाम
पुलिस इस हत्याकांड को पुरानी रंजिश से जोड़ कर भी देख रही है। पुलिस के अनुसार मृतक विक्रम चौधरी पूर्व में हुई एक हत्या में आरोपी था और जेल गया था। यह वही मामला है जिसका खुलासा 12 दिसंबर 2024 को पुलिस ने किया था।
विस्तार
यूपी के बनियाठेर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम करीब चार बजे जंगल मार्ग पर सनसनीखेज वारदात हो गई। सादा कलीजपुर मार्ग पर मोहम्मदपुर काशी गांव से कुछ दूरी पर मुर्गी फार्म के निकट अज्ञात बाइक सवारों ने बाइक से चंदौसी से जा रहे थाना हजरतनगर गढ़ी निवासी युवक विक्रम चौधरी को घेरकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोलियां लगते ही विक्रम बाइक समेत सड़क पर गिर पड़ा। राहगीरों की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल नरौली पीएचसी भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
ग्रामीणों में डर का माहौल
अचानक जंगल मार्ग में हुई गोलीबारी से आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल पैदा हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही सीओ चंदौसी विवेक जावला थाना बनियाठेर पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। इसके बाद पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी और एएसपी सुमित रामटे के साथ एसओजी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुरानी रंजिश से जुड़े तार, इस पहलू पर भी जांच
पुलिस इस हत्याकांड को पुरानी रंजिश से जोड़ कर भी देख रही है। पुलिस के अनुसार मृतक विक्रम चौधरी पूर्व में हुई एक हत्या में आरोपी था और जेल गया था। यह वही मामला है जिसका खुलासा 12 दिसंबर 2024 को पुलिस ने किया था। बता दें कि बनियाठेर के मोहल्ला मझरापुर निवासी ट्रैक्टर ड्राइवर भोला उर्फ भूरा की हत्या के मामले में पुलिस ने बताया था कि हत्या की साजिश उसके बहनोई ने ही रची थी। बहनोई ने अपमान का बदला लेने के लिए डेढ़ लाख रुपये में साले की सुपारी दी थी और हत्यारों से कहा था कि मेरे दो साले में से एक को मार दो। उस मामले में बनियाठेर पुलिस ने तीन हत्यारोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
हाल ही में जेल से आया था बाहर
बताया जा रहा है कि उस हत्याकांड में आरोपी बना बहनोई ही विक्रम चौधरी था, जो हाल ही में जेल से बाहर आया था। अब उसकी हत्या कर दी गई है। पुलिस इस पहलू पर खास तौर से जांच कर रही है कि कहीं साले की हत्या का बदला लेने के लिए ही तो विक्रम की हत्या नहीं की गई है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है।
पुलिस का बयान
युवक की अज्ञात बाइक सवारों द्वारा गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है। मृतक अपने साले की हत्या में जेल भी जा चुका था। इस तथ्य को भी ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। जल्द ही हत्या का खुलासा कर दिया जाएगा। इसके लिए पुलिस की टीमें लगा दी गई हैं। -विकास चंद्र त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक