शाहजहांपुर में सनसनीखेज वारदात: प्रेम विवाह के तीन साल बाद पत्नी की हत्या, पति ने तमंचे से मारी गोली
शाहजहांपुर के निगोही थाना क्षेत्र में मंगलवार को दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात हुई। क्षेत्र के गांव त्रिलोकपुर गांव में एक युवक ने तमंचे से गोली मारकर अपनी पत्नी की हत्या कर दी। उसने तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था।
विस्तार
शाहजहांपुर के निगोही थाना क्षेत्र के गांव त्रिलोकपुर में रेशमा (23) की उसके पति शिवम ने तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक, परिजनों से पूछताछ में पता लगा कि दंपती के बीच कई दिन से अनबन चल रही थी। आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।
कंबाइन के चालक शिवम ने करीब तीन साल पहले पड़ोसी गांव चौढे़रा-चौढ़ेरी निवासी रेशमा से प्रेम विवाह किया था। पति से अनबन होने के चलते रेशमा करीब 20 दिन से अपने मायके में थी। सोमवार की शाम को शिवम काम से लौटा और मंगलवार की सुबह अपनी ससुराल गया।
यह भी पढ़ें- बरेली में हादसा: दिल्ली हाईवे पर ट्रक से टकराई बस, एक यात्री की मौत, 15 घायल; नेपाल जा रहे थे सभी
उसने अलमारी से कपड़े निकालने के लिए पत्नी से चाबी मांगी। इसके बाद शिवम ही उसे बाइक पर बैठाकर घर लाया था। यहां दोनों में फिर से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान शिवम ने तमंचे से गोली मारकर रेशमा की हत्या कर दी। गोली उसके गाल पर लगी है।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। परिवार में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। सीओ सदर शुभम वर्मा ने मौके पर पहुंचकर जानकारी ली। फोरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं।
एसपी सिटी देवेंद्र कुमार ने बताया कि महिला को संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। जांच में सामने आया कि शिवम ने घरेलू विवाद के चलते गोली मारी है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।