{"_id":"69920be57c57d7508f045be5","slug":"political-drama-erupts-amid-leopard-scare-forest-worker-tells-leader-we-are-also-voters-here-bageshwar-news-c-231-1-bgs1001-122356-2026-02-15","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bageshwar News: तेंदुए की दहशत के बीच सियासी ड्रामा, वनकर्मी बोला नेता जी हम भी यहीं के वोटर हैं","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bageshwar News: तेंदुए की दहशत के बीच सियासी ड्रामा, वनकर्मी बोला नेता जी हम भी यहीं के वोटर हैं
विज्ञापन
विज्ञापन
Trending Videos
बागेश्वर। नगर के निकटवर्ती गांव बड़ेत में शनिवार की रात उस समय अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई, जब तेंदुए की दहशत के बीच वन विभाग की टीम और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी बालकृष्ण के बीच तीखी झड़प हो गई। आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटे नेता जी जनता के बीच अपनी पैठ बनाने पहुंचे थे लेकिन वहां वनकर्मी के एक जुमले ने पूरी महफिल लूट ली। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में वनकर्मी नेता जी को याद दिलाता दिखा कि हम भी इसी क्षेत्र के वोटर हैं।
बड़ेत गांव में बीते दिनों से तेंदुए की आवाजाही से ग्रामीण डरे हुए थे। सूचना पर वन विभाग की क्यूआरटी टीम मौके पर पहुंची। इसी दौरान क्षेत्र में सक्रिय एक सामाजिक कार्यकर्ता, जो पूर्व में कांग्रेस और निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके हैं, वहां ग्रामीणों के साथ मौजूद थे। नेता जी ने वनकर्मियों पर काम में ढिलाई का आरोप लगाते हुए रौब झाड़ना शुरू किया तो जवाब में वनकर्मी ने भी अपनी क्षेत्रीय पहचान और वोटर कार्ड का दांव खेल दिया। हर बात को सोशल मीडिया पर डालकर सुर्खियां बटोरने के आदी नेता जी ने इस बहस का वीडियो तुरंत वायरल कर दिया। वीडियो में सरकारी कर्मचारी का यह कहना कि वह भी यहीं का वोटर है, चर्चा का विषय बन गया। लोग इसे कर्मचारी आचरण नियमावली का उल्लंघन मान रहे हैं, तो कुछ इसे नेता जी की बेवजह की दखलअंदाजी करार दे रहे हैं। रविवार सुबह जब मामले ने तूल पकड़ा और विभाग के भीतर सुगबुगाहट तेज हुई तो नेता जी ने आनन-फानन वीडियो सोशल मीडिया से डिलीट कर दिया।
विज्ञापन
विज्ञापन
ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर विभाग को दिया ज्ञापन
बड़ेत और पालनीकोट क्षेत्र में तेंदुए की दहशत को रोकने के लिए क्षेत्र में पिंजरा लगाने की मांग की गई। देर रात तक प्रदर्शन करने के बाद ग्रामीणों ने विभाग से पहुंचे वन दरोगा के माध्यम से डीएफओ को ज्ञापन ज्ञापन भेजा। इसमें ग्रामीणों ने त्यूनरा, कफलखेत, सैंज, माजियाखेत में तेंदुए की बढ़ती धमक को रोकने के लिए पिंजरा स्थापित कराने की मांग की। इस मौके पर राजा पांडेय, माधुरी नौटियाल, गंगा देवी, शोभा चौधरी, पुष्पा वर्मा, संतोष पांडेय आदि मौजूद रहे। संवाद
क्षेत्र में लंबे समय से तेंदुए की दहशत बनी हुई है। ग्रामीणों की ओर से लंबे समय से क्षेत्र में तेंदुए को पकड़ने की मांग की जा रही थी। रात में वन विभाग की टीम से रेंजर के मौके पर न आने और तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग की गई तो उनके कर्मी ने हम भी यहीं के वोटर हैं कहा लेकिन बाद में वनकर्मी के कहने के बाद वीडियो को सोशल मीडिया से हटा दिया गया। वन विभाग से मांग है कि क्षेत्र में तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाए। -बालकृष्ण, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी
सोशल मीडिया में वायरल वीडियो मेरे पास भी पहुंचा है। ड्यूटी के दौरान वोटर हूं कहना कर्मचारी आचरण नियमावली के खिलाफ है। संबंधित वीडियो की जांच करने के लिए एसडीओ को निर्देश दिए गए हैं। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। -दीपक सिंह प्रभारी डीएफओ, बागेश्वर