थलीसैंण। पीजी थलीसैंण में छात्रसंघ चुनाव में 269 मतदाता 12 प्रत्याशियों का भाग्य का फैसला करेंगे। जिसमें छात्रा मतदाताओं की संख्या अधिक हैं जबकि छात्र मतदाताओं की संख्या केवल 54 है।
बुधवार को पीजी कालेज थलीसैंण के प्रभारी निर्वाचन अधिकारी डाॅ. विकास प्रताप सिंह ने मतदाता सूची जारी की। साथ ही उन्होंने मतदान व मतगणना तैयारियों का जायजा भी लिया।उन्होंने बताया कि छात्रसंघ चुनाव में अध्यक्ष सहित छह पदों पर 12 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। जिनमें अध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के प्रत्याशी अजय रावत, एबीवीपी की प्रत्याशी सुमन, उपाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई के सुमित कुमार, एबीवीपी के राहुल सिंह, सचिव पद पर एनएसयूआई के रमेश सिंह, एबीवीपी के दिनेश सिंह, सह-सचिव पद पर एनएसयूआई की हेमा, एबीवीपी की देवकी, कोषाध्यक्ष पद पर एनएसयूआई की दीपा रावत, एबीवीपी की साक्षी तथा विवि प्रतिनिधि पद पर एनएसयूआई के करन नेगी, एबीवीपी की प्रत्याशी स्नेहा शामिल है। उन्होंने बताया कि मतदान के लिए महाविद्यालय में कुल 269 मतदाता हैं। इनमें छात्र मतदाता 54 और छात्रा मतदाता 215 हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्याशियों के साथ मतदान, मतगणना को लेकर बैठक की गई। 27 सितंबर को सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक मतदान होगा। जिसके लिए एक बूथ बनाया गया है। जिसमें एक पीठासीन अधिकारी सहित कुल सात कार्मिक तैनात किए गए हैं। दोपहर दो बजे से मतगणना शुरू होगी। मतगणना के लिए मतगणना सुपरवाइजर सहित 13 कार्मिक नियुक्त किए गए हैं। मतगणना पूरी होते ही परिणाम घोषणा के साथ ही तत्काल बाद नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ दिलाई जाएगी।