Almora: डिप्लोमा इंजीनियर्स ने शुरू हड़ताल, सरकार पर लगाया मांगों का संज्ञान न लेने का आरोप
अल्मोड़ा में उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ ने 27 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करते हुए सरकार पर मांगों की अनदेखी का आरोप लगाया है।
विस्तार
अल्मोड़ा में उत्तराखंड डिप्लोमा इंजीनियर्स महासंघ की अल्मोड़ा शाखा ने अपनी 27 सूत्रीय मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। उन्होंने शक्ति सदन में प्रदर्शन करते हुए सरकार पर मांगों की अनदेखी का आरोप लगाया।
महासंघ ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगों का समाधान नहीं होगा, आंदोलन जारी रहेगा। उनकी प्रमुख मांगों में 10 साल में प्रथम एसीपी के रूप में 5400 रुपये ग्रेड पे करना शामिल है। इसके अलावा, 2006 से चली आ रही कनिष्ठ अभियंता पद की वेतन विसंगति को दूर करने की मांग की गई है। एसीपी के तहत 10 वर्ष बाद 5400 रुपये, 16 वर्ष बाद 6600 रुपये और 26 वर्ष बाद 8700 रुपये प्रदान करने की मांग भी उठाई गई।
जल निगम और जल संस्थान के एकीकरण और सहायक अभियंता से उच्चतर पदों में प्रोन्नति के लिए समानांतर गैलरी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। महासंघ पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) को भी लागू करने की मांग कर रहा है। बैठक की अध्यक्षता सहायक अभियंता पुनीता ने की। इस मौके पर कुमाऊं मंडल सचिव दीपक मटियानी, मंडल महामंत्री हिमांशु जोशी, शाखा अध्यक्ष सूरज रावत, सचिव हितांशी नैलवाल, लोनिवि जिलाध्यक्ष गणेश जोशी, सिंचाई विभाग जिलाध्यक्ष जीतेश वर्मा, केसी गोस्वामी, आलोक ओली, रवि दानी आदि रहे।