बिजली संकट: भीषण गर्मी के चलते शहर की बत्ती गुल, कटौती के कारण लोग परेशान; सिस्टम में नहीं हो रही सुनवाई
भीषण गर्मी के बीच हल्द्वानी में बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। मुख्यमंत्री के शहर से रवाना होते ही कई इलाकों में घंटों बिजली गुल रहने से हजारों उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हल्द्वानी शहर इन दिनों भीषण गर्मी के साथ बिजली संकट की मार भी झेल रहा है। रविवार को सीएम पुष्कर सिंह धामी शहर में मौजूद रहे लेकिन उनके रवाना होते ही शहर के कई इलाकों में बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। चिलचिलाती गर्मी में घंटों बिजली गुल रहने से लोगों का गुस्सा भी सामने आने लगा है।
रविवार शाम मुख्यमंत्री के खटीमा रवाना होने के बाद यूपीसीएल ने टीपीनगर बिजलीघर से जुड़े नीलियम कॉलोनी क्षेत्र का बढ़ा हुआ लोड कम करने के लिए कुछ हिस्सों की सप्लाई फूलचौड़ बिजलीघर से जोड़ दी। इसके चलते देर रात तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। नीलियम कॉलोनी के लगभग 1500 उपभोक्ता यानी पांच हजार से अधिक आबादी गर्मी में बेहाल रही। ऊर्जा निगम के एसडीओ मनोज तिवारी ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से रात में बिजली आपूर्ति में दिक्कत आ रही थी। समस्या के समाधान के लिए लोड को विभाजित किया गया है। शहरवासियों का कहना है कि अगर मुख्यमंत्री 24 घंटे आम नागरिक की तरह हल्द्वानी में रहें तो उन्हें बिजली व्यवस्था की असली तस्वीर नजर आ जाएगी।
बेलबाबा और गांधीनगर की बिजली गुल
गर्मी के बीच बिजली संकट बरकरार है। रविवार को टीपीनगर बिजलीघर से जुड़े बेलबाबा फीडर में लोड बढ़ने से आपूर्ति बाधित हो गई। इस पर लोड नियंत्रण के लिए आसपास के ट्रांसफार्मरों से आपूर्ति सुचारु की गई। शाम को सात बजे कालाढूंगी रोड बिजलीघर के गांधीनगर फीडर में फॉल्ट हो गया। इससे तीन हजार की आबादी को एक घंटा बिजली संकट का सामना करना पड़ा। यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता एसके गुप्ता ने बताया कि छुटमुट शिकायतों के साथ विद्युतापूर्ति सुचारु रही।