सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttarakhand ›   Pithoragarh News ›   Darkness under the lamp, the situation has not changed in the wards adjoining the Municipal Corporation office.

Pithoragarh News: दीपक तले अंधेरा, नगर निगम कार्यालय से लगे वार्डों में नहीं बदले हालात

संवाद न्यूज एजेंसी, पिथौरागढ़ Updated Wed, 18 Mar 2026 10:50 PM IST
विज्ञापन
Darkness under the lamp, the situation has not changed in the wards adjoining the Municipal Corporation office.
नया बाजार वार्ड में टायल उखड़ने से बदहाल रास्ता। संवाद
विज्ञापन
पिथौरागढ़। नगर निगम के अधिकांश वार्डों में विकास के दावे हवाई साबित हुए हैं। नगर निगम बनने के बाद कार्यालय से लगे वार्डों में भी हालात नहीं बदल सके हैं। नया बाजार, पुराना बाजार और सिमलगैर वार्ड में भी टूटे रास्ते, खुली और चोक नालियां वार्ड वासियों की दिक्कत बढ़ा रही हैं। आंतरिक मार्ग टूटे हैं और खुली नालियां दुर्घटना को आमंत्रण दे रही हैं।
Trending Videos

अभियान के दूसरे दिन संवाद न्यूज एजेंसी ने नगर निगम कार्यालय से लगे नया बाजार, पुराना बाजार और सिमलगैर वार्ड की पड़ताल की। सिमलगैर वार्ड में लाश घर रोड से मुख्य बाजार को जोड़ने वाले रास्ता जगह-जगह क्षतिग्रस्त है। नाली चोक होने से रास्ते पर बह रहा गंदा पानी लोगों की दिक्कत बढ़ा रहा है। वहीं इस रास्ते पर खुली नालियां दुर्घटना का कारण बनने के साथ ही बीमारी को भी आमंत्रण दे रही हैं। इस इस मार्ग पर लोग जान जोखिम में डालकर आवाजाही करने के लिए मजबूर हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

पुराना वार्ड में टूटे हैं रास्ते और जगह-जगह लगा है मलबे का ढेर
नगर निगम को भले ही स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं के लिए सम्मान मिल चुका है। जमीनी हकीकत कुछ और ही है। पुराना वार्ड में सुनार गली से नगर निगम तिराहे को जोड़ने वाला मार्ग इसकी हकीकत बयां कर रहा है। इस मार्ग पर जगह-जगह मलबा जमा है इसे हटाने के लिए अब तक गंभीरता नहीं दिखाई गई है। वहीं जगह-जगह यह रास्ता कचरे से पटा है। इस रास्ते पर नाली की चौड़ाई सबसे अधिक है जो खुली है। इस खुली नाली को अनदेखा कर किसी दुर्घटना का इंतजार किया जा रहा है।
नया बाजार में टाइल उखड़ी, नाली निकास भी नहीं
नया बाजार में भी हालात दयनीय हैं। इस वार्ड में बहुमंजिला पार्किंग से धर्मशाला लाइन को जोड़ने वाला रास्ता टाइल उखड़ने से बदहाल है। नाली निकास न होने से इस रास्ते पर लोग गंदे पानी के बीच आवाजाही कर रहे हैं। वार्ड वासियों का कहना है कि नगर निगम बनने के बाद मूलभूत समस्याओं से निजात मिलने की उम्मीद थी जो समय के साथ दम तोड़ रही है। संवाद
बोले वार्डवासी
नगर निगम बनने के बाद व्यवस्थाएं बेहतर होने की उम्मीद थी। ऐसा नहीं हो सका है। रास्ते बदहाल हैं और नालियां खुली होने से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। - साहिद बख्स, नया बाजार
नगर निगम बनने के बाद कर तो बढ़ाए जा रहे हैं लेकिन सुविधाओं का विस्तार नहीं हो रहा है। हर वार्ड में मूलभूत समस्याओं का समाधान जरूरी है। इसके लिए पर्याप्त बजट की व्यवस्था होनी चाहिए। - प्रदीप तिवारी, नया बाजार
कुछ रास्तों पर टाइल तो लगाईं जिनसे फिसलन बढ़ गई है। रास्ते टूटे हैं तो नालियां चोक होने से बीमारी का खतरा बना हुआ है। खुली नालियों को पाटना आवश्यक है। - सुधीर चौहान, सिमलगैर
जगह-जगह रास्ते टूटे हैं और खुली नालियों से दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। रास्तों पर गिरे मलबे को भी नहीं हटाया जा रहा है। कई बार शिकायत के बाद भी जिम्मेदार बातों को अनसुना कर रहे हैं। - त्रिभुवन लाल साह, पुराना बाजार
बोले पार्षद
नगर निगम से वार्ड की मूलभूत समस्याओं के समाधान की हर बार मांग की जाती है। बाकायता बोर्ड बैठक में भी इनसे संबंधित प्रस्ताव रखा जाता है। नगर निगम को वार्डवासियों की समस्याओं को गंभीरता से लेकर इनका समाधान करना चाहिए। - करन सिंह, नया बाजार
नगर निगम को वार्ड वासियों की समस्याओं से लगातार अवगत कराया जाता है। वार्ड के हर व्यक्ति की समस्या के समाधान के गंभीरता से प्रयास हो रहे हैं। नगर निगम के सामने समस्याओं को उठाया जाएगा। - सुशील खत्री, पुराना बाजार
कोट
समय-समय पर वार्डों का निरीक्षण किया जाता है। समस्याओं को चिन्हित कर इनके समाधान के प्रयास किए जाते हैं। धीरे-धीरे सभी समस्याओं का समाधान होगा। - राजदेव जायसी, सहायक नगर आयुक्त, नगर निगम, पिथौरागढ़
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed