Rudrapur: ईएसएमए लागू, कॉमर्शियल और घरेलू सिलिंडरों पर रोक से कारोबारी चिंतित
रुद्रपुर में वाणिज्यिक एलपीजी सिलिंडरों की आपूर्ति पर रोक और घरेलू गैस के कोटे में कटौती से होटल, रेस्टोरेंट और बैंक्वेट हॉल कारोबारियों की चिंता बढ़ गई है।
विस्तार
रुद्रपुर में पेट्रोलियम कंपनियों ने एलपीजी आपूर्ति व्यवस्था में बड़े बदलाव से रेस्टोरेंट, होटल और बैंक्वेट हाॅल कारोबारी चिंतित हैं। दरअसल वाणिज्यिक एलपीजी (कॉमर्शियल) सिलिंडरों की सामान्य आपूर्ति पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। वहीं घरेलू गैस सिलिंडरों के कोटे में भी 20 से 25 प्रतिशत तक की कटौती की गई है। आवश्यक सेवाओं की सुरक्षा (ईएसएमए) कानून लागू कर दिया है ताकि एलपीजी सिलिंडरों की आपूर्ति निर्बाध बनी रहे और जमाखोरी को रोका जा सके।
नए नियम के तहत 19 किलोग्राम वाले वाणिज्यिक सिलिंडरों की आपूर्ति पर रोक का सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट, कैटरिंग सेवाओं और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर पड़ेगा जो आमतौर पर इन सिलिंडरों का उपयोग करते हैं। यह निर्णय विशेष रूप से उन स्थानों के लिए चिंता का विषय है जहां शादी-ब्याह जैसे समारोहों में इनकी बड़ी मात्रा में आवश्यकता होती है।
इन प्रतिष्ठानों को अब अपने संचालन के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं तलाशनी होंगी या घरेलू सिलिंडरों पर निर्भरता बढ़ानी होगी हालांकि उनके कोटे में भी कटौती की गई है। घरेलू गैस सिलिंडरों के कोटे में 20 से 25 प्रतिशत की कटौती का मतलब उपभोक्ताओं को अब अपनी मासिक एलपीजी की खपत पर अधिक ध्यान देना होगा। इस कदम से उन परिवारों को थोड़ी परेशानी हो सकती है जो नियमित रूप से अपने एलपीजी कोटे का पूरा उपयोग करते हैं। इस कटौती का उद्देश्य एलपीजी के विवेकपूर्ण उपयोग को बढ़ावा देना और आपूर्ति श्रृंखला को स्थिर बनाए रखना है।
जमाखोरी रोकने के लिए लागू हुई ईएसएमए
आवश्यक सेवाएं (सुरक्षा) अधिनियम (ईएसएमए) के लागू होने से यह सुनिश्चित होगा कि एलपीजी के वितरण से जुड़े कर्मचारी हड़ताल या किसी अन्य व्यवधान में शामिल नहीं हो सकते जिससे कि आपूर्ति श्रृंखला बाधित हो। यह कानून सरकार को आवश्यक सेवाओं के रखरखाव के लिए किसी भी व्यक्ति को काम पर रखने या किसी भी आवश्यक सेवा के संचालन को नियंत्रित करने का अधिकार देता है। इसके तहत जमाखोरी या आपूर्ति में जानबूझ कर बाधा डालने पर सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
होटल, रिजॉर्ट और रेस्टोरेंट कारोबारियों का कहना
होटल बगैर वाणिज्यिक सिलिंडर के चल नहीं सकता है। यदि कॉमर्शियल सिलिंडर पर रोक रहेगी तो काम नहीं चलेगा। हमारे होटल पर काम करने वाले 20 कर्मचारियों पर भी इसका प्रभाव पड़ेगा। - पुनीत मित्तल, होटल कारोबारी
घरेलू सिलिंडर पर रोक लगाना उचित है लेकिन कॉमर्शियल सिलिंडर पर रोक लगना पूरी तरह से गलत है। इससे कारोबार प्रभावित होगा। इस समय सहालग सीजन भी चल रहा है। - बलदेव छावड़ा, रिजॉर्ट कारोबारी
कारोबार पिछले तीन दिन से प्रभावित हो रहा है। समय पर सिलिंडर नहीं पहुंच पा रहा है। गैस सिलिंडर के बिना हमारा काम नहीं हो पा रहा है। गैस आपूर्ति न होने से संकट गहरा जाएगा। शादियों पर भी इसका बुरा असर पड़ेगा। - अंकुर अग्रवाल, रेस्टोरेंट कारोबारी
जनता से अपील है कि वे इन बदलावों से घबराएं नहीं। यह कदम आपूर्ति को सुचारु बनाने और जमाखोरी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से उठाया गया है। उपभोक्ताओं को सलाह दी जाती है कि वे अपनी एलपीजी की खपत पर नियंत्रण रखें और किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। - प्रमोद पांडे, इंडेन गैस एजेंसी प्रबंधक, रुद्रपुर