दरभंगा जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के निस्ता पंचायत अंतर्गत भजौड़ा गांव में 26 वर्षीय विवाहिता पूनम देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका का शव घर के बिस्तर पर मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।
रील बनाने को लेकर पारिवारिक विवाद का आरोप
परिजनों के अनुसार, पूनम देवी के गले पर काला निशान पाया गया है और उसके पैर बंधे होने की बात भी सामने आई है। इन हालात को देखते हुए गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। मायके पक्ष का आरोप है कि पूनम देवी सोशल मीडिया पर रील बनाती थी, जिसे लेकर ससुराल पक्ष उसे अक्सर रोका करता था। बताया जा रहा है कि इसी बात से उत्पन्न विवाद के चलते उसकी हत्या कर दी गई।
मायके पक्ष ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका पूनम देवी मधुबनी जिले के पतौना गांव की रहने वाली थी। उसकी शादी वर्ष 2016 में भजौड़ा गांव निवासी संतोष सहनी से हुई थी। पति संतोष सहनी दिल्ली में खाना बनाने का काम करता है। पूनम के दो पुत्र हैं, जिनमें पूरब आठ वर्ष और सम्राट कुमार सात वर्ष के हैं। पूनम देवी के मायके वालों ने पति, सास, देवर और ननद पर हत्या का आरोप लगाया है। घटना के बाद सिंहवाड़ा थाना की पुलिस ने ससुराल पक्ष के लोगों को हिरासत में ले लिया है।
पढ़ें- Bihar: घर में जा घुसा बेकाबू ट्रैक्टर, हादसे में तीन लोग घायल; गुस्साए लोगों ने चालक को पेड़ से बांधकर पीटा
परिजनों की प्रतिक्रिया
मृतका की चाची रेणु देवी ने बताया कि पूनम देवी जिंदादिल स्वभाव की महिला थी और वह अपनी जिंदगी को खुलकर जीती थी। उन्होंने कहा कि उसकी अचानक मौत कई सवाल खड़े कर रही है। सूचना मिलने पर सिंहवाड़ा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया। थानाध्यक्ष बसंत कुमार झा ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ की जा रही है।