{"_id":"6aeb0a868030aed37f0f8751","slug":"video-anurag-thakur-sukhu-bjp-pandavas-congress-kauravas-hamirpur-2026-11-04","type":"video","status":"publish","title_hn":"हमीरपुर: सांसद अनुराग ठाकुर बोले- सुक्खू झूठ बोलने में माहिर, भाजपा के पांडव एकजुट होकर कांग्रेस के कौरवों को हराएंगे","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हमीरपुर: सांसद अनुराग ठाकुर बोले- सुक्खू झूठ बोलने में माहिर, भाजपा के पांडव एकजुट होकर कांग्रेस के कौरवों को हराएंगे
Ankesh Dogra
Updated Wed, 04 Nov 2026 04:05 PM IST
Link Copied
लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ अभियान के तहत बुधवार को भाजपा ने हमीरपुर में संसदीय स्तर की जनसभा और पदयात्रा आयोजित की। बाइपास स्थित कुमार पैलेस में जनसभा के बाद भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा निकाली। इसमें प्रदेश के 17 विधानसभा क्षेत्रों से विधायक, पूर्व विधायक, मंडल अध्यक्ष और विभिन्न मोर्चों व प्रकोष्ठों के पदाधिकारी शामिल हुए।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल और पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने अभियान की अगुवाई की। पदयात्रा कुमार पैलेस से शुरू होकर ओल्ड आरटीओ रोड, भोटा चौक और मुख्य बाजार से होते हुए गांधी चौक पर संपन्न हुई।
सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर निशाना साधते हुए कहा कि वह झूठ बोलने में माहिर हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के पांडव एकजुट हैं और कौरव रूपी कांग्रेसियों पर राजनीतिक प्रहार कर हिमाचल में भाजपा की जीत और कांग्रेस की हार सुनिश्चित करेंगे।
अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री के गृह विधानसभा क्षेत्र नादौन में बीडीसी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव नहीं करवाने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पहले प्रदेश में चुनाव करवाने से डर रहे थे और अब अपने ही विधानसभा क्षेत्र में चुनाव करवाने से पीछे हट रहे हैं।
अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर लोकतंत्र और संविधान की आत्मा पर चोट करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी हार का दोष ईवीएम पर मढ़ रही है, जबकि विश्वविद्यालयों और अन्य संस्थानों में बैलेट पेपर से हुए चुनावों में भी भाजपा ने जीत दर्ज की है।
उन्होंने सवाल उठाया कि यदि ईवीएम से चुनाव जीतकर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सत्ता में आए हैं तो क्या वह इस्तीफा देंगे? अनुराग ने केरल में एसआईआर के बाद हुए चुनावों का हवाला देते हुए कांग्रेस से वहां भी जवाब मांगा।
रामलीला मैदान में दस लाख लोगों को जुटाने के कांग्रेस के दावे पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी 50 हजार लोग भी नहीं जुटा पाई। उन्होंने कांग्रेस पर अराजकता और दंगा फैलाने का प्रयास करने का आरोप भी लगाया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर विदेशी शक्तियों के हाथों में खेलकर देश को अराजकता की ओर धकेलने का आरोप लगाया। उन्होंने प्रदेश सरकार को अब तक की सबसे निकम्मी सरकार करार देते हुए कहा कि यह सरकार भी जाएगी और प्रदेश में भाजपा की वापसी होगी।
बिंदल ने मंडी और हमीरपुर में आयोजित पदयात्राओं को जनता का समर्थन मिलने का दावा किया। उन्होंने कहा कि लोगों ने कांग्रेस की अराजकता को नकार दिया है।
मुख्यमंत्री सुक्खू के भाजपा में गुटबाजी के आरोपों पर पलटवार करते हुए बिंदल ने कहा कि मुख्यमंत्री को अपने तकिये के नीचे झांककर देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा की मजबूती देखनी है तो आज चुनाव करवाकर देख लें, पार्टी 68 में से 68 सीटें जीतेगी।
बिंदल ने प्रदेश पर एक लाख 10 हजार करोड़ रुपये का कर्ज होने का हवाला देते हुए आत्मनिर्भर हिमाचल के दावों पर सवाल उठाए। उन्होंने स्कूलों, अस्पतालों और सड़कों की बदहाल स्थिति का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश की 28 लाख बहनें 72 हजार रुपये का हिसाब मांग रही हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता प्रदेश सरकार से हर गारंटी का जवाब लेगी।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।