{"_id":"6af7f8dbc4ab350a7f0ebb8f","slug":"video-siya-murder-case-vikas-patial-sentencing-postponed-november-27-2026-11-14","type":"video","status":"publish","title_hn":"सिया हत्याकांड: सजा की तारीख टली तो फफक पड़ी मां, न्याय के इंतजार में परिवार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सिया हत्याकांड: सजा की तारीख टली तो फफक पड़ी मां, न्याय के इंतजार में परिवार
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले को झकझोर देने वाले सिया हत्याकांड में पीड़ित परिवार को एक बार फिर न्याय के लिए इंतजार करना पड़ेगा। मामले में दोषी करार दिए गए विकास पटियाल की सजा पर 13 नवंबर को फैसला आने की उम्मीद थी, लेकिन अदालत ने सुनवाई की तारीख आगे बढ़ाकर 27 नवंबर तय कर दी है।
सजा के फैसले का बेसब्री से इंतजार कर रहा परिवार तारीख आगे बढ़ने की सूचना मिलते ही भावुक हो गया। पिछले सात महीनों से इंसाफ की आस लगाए बैठी सिया की मां रक्षा देवी अपनी बेटी को याद कर फफक पड़ीं। परिवार का कहना है कि जब आरोपी को दोषी करार दिया जा चुका है तो सजा सुनाने में इतनी देरी नहीं होनी चाहिए।
गौरतलब है कि 6 नवंबर को अदालत ने विकास पटियाल को सिया हत्याकांड में दोषी करार दिया था। इसके बाद परिवार को उम्मीद थी कि 13 नवंबर को सजा का ऐलान हो जाएगा। अब परिजनों को 27 नवंबर तक इंतजार करना होगा।
सिया की मां रक्षा देवी ने भावुक होते हुए कहा कि उनकी फूल जैसी बेटी की हत्या करने वाले दोषी को फांसी की सजा मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वह चाहती हैं कि दोषी को ऐसी सजा मिले, जिससे भविष्य में कोई भी किसी दूसरी बेटी के साथ ऐसा अपराध करने की हिम्मत न करे। परिवार का कहना है कि उन्हें उम्रकैद नहीं, बल्कि फांसी की सजा से ही न्याय मिलेगा।
सिया की चाची कुशुम लता ने बताया कि परिवार के सदस्य सुबह से ही फोन देख रहे थे, ताकि अदालत के फैसले की जानकारी मिल सके। उन्हें उम्मीद थी कि 13 नवंबर को सजा का ऐलान हो जाएगा, लेकिन तारीख आगे बढ़ने से उन्हें काफी निराशा हुई। उन्होंने कहा कि जब दोषी करार दिया जा चुका है तो सजा सुनाने में इतना समय क्यों लग रहा है।
सिया की दादी रंजना देवी ने भी दोषी को फांसी देने की मांग की। उन्होंने कहा कि उन्होंने दोषी को अपनी आंखों से यहां घूमते-फिरते देखा है। परिवार का दर्द बयां करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी पोती के हत्यारे को फांसी की सजा मिलनी चाहिए।
डर के साये में जी रहा परिवार, बच्चों को अकेले स्कूल भेजना भी मुश्किल
सिया के परिजनों का कहना है कि घटना के बाद से परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहा है। हालात ऐसे हैं कि बच्चों को अकेले स्कूल भेजना भी मुश्किल हो गया है।
परिवार को अब 27 नवंबर को होने वाली अगली सुनवाई से उम्मीद है। परिजन चाहते हैं कि अदालत जल्द सजा सुनाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।
एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें
अमर उजाला प्रीमियम वीडियो सिर्फ सब्सक्राइबर्स के लिए उपलब्ध है
प्रीमियम वीडियो
सभी विशेष आलेख
फ्री इ-पेपर
सब्सक्राइब करें
Next Article
Disclaimer
हम डाटा संग्रह टूल्स, जैसे की कुकीज के माध्यम से आपकी जानकारी एकत्र करते हैं ताकि आपको बेहतर और व्यक्तिगत अनुभव प्रदान कर सकें और लक्षित विज्ञापन पेश कर सकें। अगर आप साइन-अप करते हैं, तो हम आपका ईमेल पता, फोन नंबर और अन्य विवरण पूरी तरह सुरक्षित तरीके से स्टोर करते हैं। आप कुकीज नीति पृष्ठ से अपनी कुकीज हटा सकते है और रजिस्टर्ड यूजर अपने प्रोफाइल पेज से अपना व्यक्तिगत डाटा हटा या एक्सपोर्ट कर सकते हैं। हमारी Cookies Policy, Privacy Policy और Terms & Conditions के बारे में पढ़ें और अपनी सहमति देने के लिए Agree पर क्लिक करें।