छिंदवाड़ा शहर के मॉडल रोड पर शुक्रवार देर रात मोबाइल व्यवसायी की वसूली वैन को निशाना बनाकर लूट का प्रयास किया गया। तीन बदमाशों ने पहले वाहन में तोड़फोड़ की, फिर उसमें रखे करीब 91 हजार 800 रुपए से भरे बैग को लेकर भागने की कोशिश की। हालांकि, दुकान संचालक की सूझबूझ और तत्परता से बदमाश अपने मंसूबे में सफल नहीं हो सके।
संचालक ने साहस दिखाते हुए एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया और नकदी से भरा बैग भी सुरक्षित वापस ले लिया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार मानसरोवर स्थित जैन मोबाइल शॉप के संचालक नरेंद्र जैन ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनकी मोबाइल प्रचार एवं वसूली वैन शुक्रवार रात शहर के विभिन्न क्षेत्रों से वसूली कर वापस लौट रही थी। वाहन में दिनभर की वसूली का बैग रखा हुआ था, जिसमें 91 हजार 800 रुपए नकद थे। इसी दौरान मॉडल रोड पर पहले से घात लगाए बैठे तीन युवकों ने वाहन को रोक लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने पहले वाहन के शीशों और बॉडी पर हमला कर तोड़फोड़ की, जिससे चालक और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच एक आरोपी ने वाहन में रखा नकदी का बैग उठाकर भागने का प्रयास किया। शोर-शराबा होने पर आसपास के लोग भी मौके की ओर दौड़े।
घटना की सूचना मिलते ही दुकान संचालक नरेंद्र जैन भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बिना घबराए बदमाशों का पीछा किया और स्थानीय लोगों की मदद से एक आरोपी को दबोच लिया। आरोपी के कब्जे से नकदी से भरा बैग भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया। जबकि उसके दो साथी अंधेरे और भीड़ का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।
पकड़े गए युवक को तत्काल कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया गया। शिकायत में आरोपी की पहचान लालबाग निवासी युवक के रूप में बताई गई है। वहीं वारदात में शामिल दो अन्य युवकों के खिलाफ भी नामजद शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस उनसे जुड़े संभावित ठिकानों पर दबिश देने की तैयारी कर रही है।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को वसूली की रकम और वाहन की आवाजाही की पहले से जानकारी थी या उन्होंने मौके का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम देने का प्रयास किया। जांच के तहत मॉडल रोड और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। साथ ही पकड़े गए आरोपी से पूछताछ कर उसके फरार साथियों और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
ये भी पढ़ें- Ujjain News: भस्म आरती में खुला बाबा श्री महाकाल का त्रिनेत्र, कृष्ण पक्ष की पंचमी तिथि पर भक्तों को दिए दर्शन
इस घटना के बाद शहर के व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। व्यापारियों का कहना है कि देर रात नकदी लेकर लौटने वाले कारोबारियों की सुरक्षा के लिए पुलिस गश्त और निगरानी बढ़ाई जानी चाहिए, ताकि इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। कोतवाली पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।