मंडला जिले के मवई थाना क्षेत्र में एक माह पहले हुई 16 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है। परिजनों की हत्या की आशंका के बाद एसडीएम के आदेश पर करुणा का शव कब्र से निकालकर दोबारा पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। शुक्रवार को बिछिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में विशेषज्ञों की निगरानी में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू हुई।
मृतका की पहचान करुणा बघेल (16) के रूप में हुई है। उसका शव 2 जून को मवई-सारसडोली मार्ग स्थित मडवा गांव के पास संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने इसे सड़क दुर्घटना माना था, लेकिन परिजनों ने शुरू से ही हत्या की आशंका जताई थी। करुणा के पिता आशाराम बघेल और बहन समीक्षा बघेल का आरोप है कि करुणा की गला घोंटकर हत्या की गई। उनका कहना है कि करुणा के गले पर निशान और एड़ी में चोट थी, लेकिन पहली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इनका उल्लेख नहीं किया गया। वहीं, जिस स्कूटी से हादसा होने की बात कही गई थी, उस पर भी दुर्घटना के स्पष्ट निशान नहीं मिले।
ये भी पढ़ें- दो परिवारों की रंजिश में उजड़ गई मां की कोख, मारपीट के बाद गर्भ में पल रहे जुड़वा बच्चों की मौत
इन्हीं आधारों पर परिजनों ने एसडीएम से निष्पक्ष जांच और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग की थी। गुरुवार को प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में शव कब्र से बाहर निकाला गया। लगातार बारिश के कारण मवई में पोस्टमार्टम संभव नहीं होने पर शव को बिछिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। एसडीओपी सौरभ तिवारी ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। एफएसएल रिपोर्ट, दोनों पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मवई थाना प्रभारी आरती तेकाम ने बताया कि परिजनों की आपत्ति के बाद एसडीएम के आदेश पर दोबारा पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
करुणा बघेल के पिता आशाराम बघेल सिवनी जिले के घंसौर में राजस्व निरीक्षक (आरआई) के पद पर पदस्थ हैं। परिवार मूल रूप से मंडला जिले के घुटास (जमगांव) गांव का निवासी है। गर्मी की छुट्टियों में पूरा परिवार गांव आया हुआ था, तभी 2 जून को करुणा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। अब दोबारा पोस्टमार्टम और एफएसएल रिपोर्ट से यह स्पष्ट होने की उम्मीद है कि यह मामला सड़क हादसे का है या फिर हत्या का।