दतिया विधानसभा उपचुनाव का बिगुल बजते ही भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने अपने चुनाव प्रचार की शुरुआत धार्मिक आस्था के साथ की। शनिवार को वे समर्थकों के साथ प्रसिद्ध शक्तिपीठ पीतांबरा पीठ पहुंचे, जहां मां बगलामुखी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर चुनाव में जीत और क्षेत्र की खुशहाली का आशीर्वाद मांगा। इस दौरान मंदिर परिसर भाजपा समर्थकों के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत
पीतांबरा पीठ पहुंचने पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने आशुतोष तिवारी का फूल-मालाओं और नारों के साथ स्वागत किया। बड़ी संख्या में मौजूद समर्थकों ने उनका उत्साह बढ़ाया। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद उन्होंने प्रदेश और दतिया की सुख-समृद्धि की कामना की।
जनता के भरोसे और विकास का किया दावा
मीडिया से बातचीत में आशुतोष तिवारी ने कहा कि चुनावी अभियान शुरू करने से पहले मां बगलामुखी का आशीर्वाद लेना उनके लिए सबसे महत्वपूर्ण था। उन्होंने कहा कि दतिया की जनता ने हमेशा भाजपा पर भरोसा जताया है और इस बार भी वही विश्वास कायम रहेगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा के पास दतिया के समग्र विकास का स्पष्ट रोडमैप है और सभी वर्गों को साथ लेकर क्षेत्र को नई दिशा दी जाएगी।
नरोत्तम मिश्रा का लिया नाम, दिया एकजुटता का संदेश
टिकट को लेकर पार्टी के भीतर चल रही नाराजगी के बीच आशुतोष तिवारी ने पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा का नाम लेकर संगठन में एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा के नेतृत्व और मार्गदर्शन में आगे की रणनीति बनाई जाएगी। सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर दतिया के विकास के लिए मिलकर काम किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- त्विषा शर्मा मौत मामला: सास गिरिबाला और पति समर्थ की न्यायिक हिरासत 14 दिन बढ़ी, CFSL रिपोर्ट का इंतजार बाकी
भाजपा-कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला
दतिया विधानसभा उपचुनाव में इस बार भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधी टक्कर मानी जा रही है। भाजपा ने आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया है, जबकि कांग्रेस ने राजपरिवार से जुड़े कुंवर घनश्याम सिंह को मैदान में उतारा है। ऐसे में चुनावी मुकाबला बेहद दिलचस्प माना जा रहा है।
घर-घर पहुंचाने की अपील
मंदिर से निकलने के बाद आशुतोष तिवारी ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और उनसे भाजपा की नीतियों और विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की। कार्यकर्ताओं ने भी पूरी ताकत के साथ चुनाव प्रचार में जुटने का भरोसा दिलाया।