धार जिले के डही थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम डिगवी के भंवरपुरा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पिता ने पारिवारिक विवाद के चलते अपने दो मासूम बेटों की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने उसे कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी पिता सिकदार ने अपने 4 वर्षीय बेटे आकाश और 3 वर्षीय बेटे विकास की फालिया से निर्ममता से हत्या कर दी। घटना के वक्त बच्चों की मां मंजू अपने बड़े बेटे पंकज के साथ घर से बाहर थी। मंजू ने पुलिस को बताया कि बीती रात पति सिकदार ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। अपनी जान बचाने के लिए वह पंकज को लेकर घर से भाग गई, जबकि दो छोटे बच्चे घर पर ही रह गए।
सुबह जब मंजू घर लौटी तो देखा कि आकाश और विकास खून से लथपथ आंगन में पड़े थे। दोनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की। जल्द ही आरोपी सिकदार को हिरासत में ले लिया गया।
पढ़ें: खुद को हिंदू बताकर छात्रा को प्रेमजाल में फंसाया, धर्म परिवर्तन का दबाव; हिरासत में फरहान
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धार, जितेश कुमार गर्ग ने जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी मानसिक रूप से कमजोर बताया जा रहा है और पूर्व में भी इस प्रकार की हरकतें कर चुका है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए डही अस्पताल भेजा गया है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र में शोक और भय का माहौल है, हर कोई स्तब्ध है कि एक पिता इतना निर्दयी कैसे हो सकता है।