डिंडौरी जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण नर्मदा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी के उफान पर आने से डिंडौरी स्थित मां नर्मदा पुल और जोगीटकरिया पुल के ऊपर से पानी बहने लगा। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन दोनों पुलों पर दोनों ओर से आवागमन बंद करा दिया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर तैनात हैं और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जोगीटकरिया पुल के ऊपर करीब चार फीट पानी बह रहा है। तेज बहाव के कारण पुल पार करना बेहद जोखिम भरा हो गया है। प्रशासन ने दोनों ओर बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी है। पुलिसकर्मी लोगों को पुल पार नहीं करने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की समझाइश दे रहे हैं।
नर्मदा के बढ़े जलस्तर और पुलों पर बहते पानी को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग भी पहुंच रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से नदी और पुलों के आसपास भीड़ न लगाने तथा सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की है। विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों को जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने की सलाह दी गई है।
पढ़ें: शिवमय हुई नगरी, सुगंधित फूलों से सजा ज्योतिर्लिंग; आज निकलेगी भव्य पालकी
लगातार बारिश के चलते जिले के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। पुलों पर पानी आने से आसपास के कई गांवों का मुख्य मार्ग से संपर्क प्रभावित हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार, इस बारिश के मौसम में दूसरी बार जोगीटकरिया पुल पर पानी आने से आवागमन रोकना पड़ा है। लगातार बारिश के कारण लोगों की चिंता बढ़ गई है।
कलेक्टर और एसपी ने किया निरीक्षण
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया और पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने मां नर्मदा पुल पहुंचकर हालात का जायजा लिया। उन्होंने नदी के जलस्तर, पुलों की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। कलेक्टर ने अधिकारियों को जलस्तर की लगातार निगरानी रखने और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डिंडौरी विधायक ओमकार मरकाम, एसडीएम रामबाबू देवांगन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने लोगों से अपील की कि बारिश के दौरान नदी, पुल और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। पुल के ऊपर पानी बहने की स्थिति में किसी भी हाल में उसे पार करने का प्रयास न करें और प्रशासन के निर्देशों का पालन करें। प्रशासन ने कहा है कि आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। नर्मदा नदी के जलस्तर और बारिश से बने हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की गई है।