राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार को जालौर जिले के सांचौर क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। वे यहां वंदे गंगाजल संरक्षण जन अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री बुधवार दोपहर 12:25 बजे पुलिस लाइन एलीफेंट, राजसमंद से हेलिकॉप्टर द्वारा रवाना होंगे और दोपहर 1:30 बजे सांचौर के सीलू गांव स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे। यहां से वे शीलू घाट स्थित नर्मदेश्वर मंदिर में पूजन और दर्शन करेंगे। इसके पश्चात वे वंदे गंगाजल संरक्षण जन अभियान के अंतर्गत आयोजित आमसभा को संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री का यह कार्यक्रम लगभग एक घंटे का होगा। वे दोपहर 2:30 बजे सीलू घाट हेलीपैड से बाड़मेर जिले के उतरलाई के लिए रवाना होंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और भाजपा संगठन द्वारा तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने के लिए मंगलवार को जिला कलेक्टर डॉ. प्रदीप के. गावंडे, पुलिस अधीक्षक ज्ञानचंद यादव, अतिरिक्त जिला कलेक्टर दौलतराम चौधरी, सांचौर एएसपी आईपीएस कांबले शरण गोपीनाथ और एएसपी आवड़दान रतनू सहित अन्य अधिकारियों ने हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया।
पढ़ें: नाले में मिला वृद्ध का शव, मगरमच्छ के हमले की आशंका, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया धरना-प्रदर्शन
भाजपा जिला अध्यक्ष जसराज पुरोहित, पूर्व सांसद देवजी एम. पटेल सहित जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता भी कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटे हैं। ग्रामीणों में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर उत्साह है और बड़ी संख्या में लोगों के कार्यक्रम में शामिल होने की संभावना है। मुख्यमंत्री के इस दौरे से जहां वंदे गंगाजल जन अभियान को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद है, वहीं सांचौर क्षेत्र के विकास को लेकर संभावित घोषणाओं की भी ग्रामीणों में अपेक्षा है।