जिले के सारोला थाना क्षेत्र के गाडरवाड़ा गांव में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है। मामूली कहासुनी के बाद एक युवक ने अपने ताऊ पर गंडासी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल 65 वर्षीय जगन्नाथ की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी भतीजे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सारोला थाना पुलिस के एएसआई ब्रजेंद्र गुर्जर ने बताया कि घटना शुक्रवार देर रात की है। मृतक जगन्नाथ (65) पुत्र कन्हैयालाल का अपने छोटे भाई के बेटे कुलदीप (32) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद के दौरान कुलदीप ने गंडासी से उन पर हमला कर दिया। हमले में जगन्नाथ गंभीर रूप से घायल हो गए।
ये भी पढ़ें: Banswara News: 71 साल का बुजुर्ग निकला अवैध हथियारों का कारीगर, घर से देसी बंदूक बनाने का पूरा सेटअप मिला
घटना की सूचना मिलते ही परिजन उन्हें उपचार के लिए झालावाड़ जिला अस्पताल लेकर रवाना हुए लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर सारोला थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। बाद में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में विवाद की वजह मामूली कहासुनी बताई जा रही है। हालांकि झगड़े के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
परिजनों ने बताया कि जगन्नाथ घर के पास स्थित दुकान पर किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान आरोपी कुलदीप ने कथित रूप से गंडासी से उन पर लगातार वार कर दिए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक किसान परिवार से थे। उनके दो बेटे कोटा में रहकर कलर पेंट का काम करते हैं, जबकि बेटी की शादी हो चुकी है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने आरोपी भतीजे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।