नागौर जिले के मुंडवा उपखंड के कुचेरा थाना क्षेत्र के रूण गांव में सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले एक युवक की तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की टक्कर से मौत हो गई। हादसे के बाद चालक बाइक मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और बाद में परिजनों को सौंप दिया। इस घटना से गांव में शोक की लहर है।
सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकला था युवक
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान रूण गांव निवासी रामदेव पुत्र दुल्हाराम के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि रामदेव रोजाना सुबह की तरह बुधवार को भी करीब 7 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकला था। घर से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर पहुंचने पर पीछे से आ रही मोटरसाइकिल ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामदेव ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
बाइक छोड़कर भागा चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद मोटरसाइकिल चालक बाइक वहीं छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना कुचेरा थाना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को एंबुलेंस की मदद से कुचेरा के राजकीय चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवाया।
यह भी पढ़ें- Rajasthan News: विपक्ष के आरोपों पर बोले मुख्य निर्वाचन आयुक्त- हमारा ना तो कोई पक्ष है ना विपक्ष
हत्या का मुकदमा दर्ज, जांच शुरू
रामदेव के परिजनों ने मोटरसाइकिल चालक पर गंभीर आरोप लगाते हुए हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद शव का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। साथ ही दुर्घटनास्थल से बरामद मोटरसाइकिल को जब्त कर जांच शुरू कर दी है।
कुचेरा थाना अधिकारी ने बताया कि सुबह करीब 8 बजे सूचना मिली कि रूण गांव की सरहद पर सड़क किनारे एक युवक मृत अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया गया और पास ही खड्डे में गिरी मोटरसाइकिल बरामद की गई। फिलहाल चालक की तलाश की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें- Rajasthan News: कैबिनेट का फैसला; जयपुर में खुलेगी महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, बिल का प्रारूप मंजूर