राजस्थान के सीकर जिले में फतेहपुर एरिया में फतेहपुर-दिल्ली बाईपास हाईवे पर आज शुक्रवार सुबह एक युवक की जली हुई लाश और बाइक मिली। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक युवक की उम्र करीब 35 साल है। वह बीती रात करीब 7 बजे घर से निकला था। देर रात 2 बजे उसने अपनी भांजी को भी कॉल किया था। अब पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
फतेहपुर कोतवाल सुरेंद्र सिंह देगड़ा के अनुसार फतेहपुर दिल्ली बाईपास पर युवक की जली हुई लाश और बाइक मिली। सुबह थाने पर सूचना मिलने के बाद जब टीम मौके पर पहुंची तो वहां सड़क पर बाइक और युवक की जली हुई लाश थी। ऐसे में अब एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया है। जो यहां से एविडेंस इकट्ठे करेगी।
ये भी पढ़ें- अंता उपचुनाव: जैन भाया को टिकट से किस मुश्किल में फंसे पायलट? मीणा–गुर्जर समीकरण पर मंडराया संकट
जांच में पता चला कि मृतक युवक का नाम दयाचंद (35) पुत्र हनुमान राम है। जो फतेहपुर कस्बे के ही वार्ड नंबर 47 में बूबना कुआं के पास का रहने वाला है। मृतक घर-घर जाकर लोगों के इलेक्ट्रॉनिक आइटम ठीक करने का काम करता था। रात को करीब 7 बजे वह किसी काम के सिलसिले में अपने घर से निकला था। देर रात उसने करीब 2 बजे अपनी भांजी को कॉल किया था।
मृतक दयाचंद के घर में माता-पिता और दो भाई-बहन हैं। दोनों भाई-बहनों की शादी हो चुकी है, लेकिन दयाचंद अविवाहित था। पुलिस के अनुसार शव तो नीचे से पूरी तरह से जल चुका है, जबकि उसकी मोटरसाइकिल आधी से ज्यादा जली हुई मिली है। पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविकता के बारे में पता चल सकेगा।