समाजवादी पार्टी (सपा) सांसद रामजीलाल द्वारा राणा सांगा को लेकर दिए गए बयान से उपजा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार को गुजरात सीमा से सटे सिरोही जिले में भी इसका असर देखने को मिला। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने आबूरोड में विरोध प्रदर्शन कर सांसद रामजीलाल का पुतला फूंका और उनके बयान की कड़ी निंदा की।
प्रदर्शनकारियों का आक्रोश
आबूरोड के केसरगंज क्षेत्र में स्थित सेठ मंगलचंद चौधरी राजकीय महाविद्यालय के मुख्य द्वार के बाहर एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राणा सांगा भारत के महान योद्धा और स्वाभिमान का प्रतीक थे। उनके नेतृत्व में भारत ने मुगलों और लोधियों से कई लड़ाइयां लड़ीं और उन्हें पराजित किया। राणा सांगा के शरीर पर 80 घाव होने के बावजूद उन्होंने 100 से अधिक युद्धों में विजय प्राप्त की थी।
पढ़ें: तस्करों को गाड़ी रेंट पर लेकर बेचने वाला गिरोह पकड़ाया, मालिक ने 820 किलोमीटर किया चोरों का पीछा
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सपा सांसद ने तुष्टिकरण की नीति के तहत राणा सांगा का अपमान किया है, जिससे देशभर में रोष व्याप्त है। उनका कहना था कि ऐसे बयान न सिर्फ इतिहास का अपमान हैं, बल्कि देश की संस्कृति पर भी चोट पहुंचाते हैं।
मांगी गई कार्रवाई की मांग
एबीवीपी के जिला संयोजक छतरसिंह देवड़ा ने कहा, “महाराणा सांगा हमारे राष्ट्र के स्वाभिमान हैं। ऐसे महान योद्धा का अपमान करने वाले सांसद रामजीलाल का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है। उनका बयान समाजवादी पार्टी की नकारात्मक मानसिकता को दर्शाता है।” प्रदर्शनकारियों ने केंद्र सरकार से मांग की कि रामजीलाल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। इस दौरान समाजवादी पार्टी और उनके सांसद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। इस विरोध प्रदर्शन में एबीवीपी इकाई अध्यक्ष पलक झा, इकाई सचिव जयपाल सिंह खींची, पवन कुमार, उज्ज्वल अग्रवाल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।