उदयपुर में चलती कार में महिला मैनेजर से गैंगरेप के सनसनीखेज मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। पुलिस ने IT कंपनी के CEO, महिला एग्जीक्यूटिव हेड और उसके पति को 4 दिन की रिमांड अवधि पूरी होने के बाद कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेजने के आदेश दिए गए।
वहीं पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों के पास से कई अहम सबूत बरामद किए गए हैं। जांच में आरोपी दंपती के घर से पीड़िता के मोजे और अंडरगारमेंट मिले हैं, हालांकि पीड़िता की ईयरिंग अब तक बरामद नहीं हो पाई है। इसके साथ ही पुलिस ने तीनों आरोपियों के वॉयस सैंपल भी लिए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के वॉयस सैंपल कार में लगे डैशकैम में रिकॉर्ड ऑडियो-वीडियो से मिलान के लिए जांच एजेंसी को भेजे गए हैं। इससे आरोपियों की मौजूदगी और भूमिका की पुष्टि की जा सकेगी। रिमांड के दौरान आरोपी CEO और महिला एग्जीक्यूटिव हेड के पति का मर्दानगी टेस्ट भी कराया गया है।
पढ़ें: नकाबपोश चोरों ने माजीसा धाम मंदिर में किया हाथ साफ, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
नशे के आइटम की खरीद को लेकर जांच
पुलिस ने उस दुकान के मालिक और कर्मचारियों से भी पूछताछ की है, जहां से आरोपियों ने वारदात से पहले स्मोकिंग जैसा कोई आइटम खरीदा था। आशंका है कि यह कोई नशीला पदार्थ था, जिसे पीड़िता को स्मोक कराने के बाद वह बेसुध हो गई। हालांकि पुलिस ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि दुकान से आखिर क्या खरीदा गया था।
पार्टी में मौजूद कर्मचारियों से भी पूछताछ
मामले की कड़ियां जोड़ने के लिए पुलिस ने पार्टी में मौजूद दो महिला कर्मचारियों, होटल मैनेजर और अन्य स्टाफ से भी पूछताछ की है, ताकि घटना से पहले और बाद की पूरी टाइमलाइन स्पष्ट हो सके। जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने नशे की हालत में पहले चलती कार में पीड़िता के साथ अश्लील हरकतें शुरू कीं। पीड़िता बार-बार उन्हें घर छोड़ने की गुहार लगाती रही, लेकिन किसी ने उसकी बात नहीं सुनी। इसके बाद आरोपियों ने गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। आरोपी करीब 3 घंटे तक कार को इधर-उधर घुमाते रहे और सुबह करीब 5 बजे पीड़िता को उसके घर छोड़कर फरार हो गए। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े अन्य सबूतों की जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई जारी है। मामले में कोर्ट ने तीनो आरोपियों को जेल भेजा है।