Bangladesh Election Result: 'मिलकर काम करने के लिए उत्सुक', बांग्लादेश में BNP की जीत पर पाकिस्तान PM का बयान
Bangladesh Election Results 2026: बांग्लादेश में शेख हसीना सरकार के तख्तापलट के बाद हुए चुनाव में बीएनपी ने शानदार जीत हासिल की है। अब बांग्लादेश के अगले प्रधानमंत्री तारिक रहमान होंगे। ऐसे में पाकिस्तान के शीर्ष नेतृत्व ने क्या कुछ कहा? जानिए...
विस्तार
बीएनपी की जीत पर क्या बोला पाकिस्तान?
पाकिस्तान के शीर्ष राजनीतिक नेतृत्व ने शुक्रवार को बीएनपी और पार्टी नेता तारिक रहमान को संसदीय चुनावों में भारी बहुमत हासिल करने पर बधाई दी। रेडियो पाकिस्तान की रिपोर्ट के अनुसार राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी ने अपने एक बयान में बांग्लादेश की संप्रभुता और लोकतांत्रिक आकांक्षाओं के लिए इस्लामाबाद के समर्थन की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान व्यापार, रक्षा, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और क्षेत्रीय मंचों में सहयोग को मजबूत करने के लिए नई सरकार के साथ काम करने के लिए उत्सुक है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि ढाका में नया राजनीतिक वातावरण पूरे क्षेत्र में अधिक संतुलित, स्वतंत्र और पारस्परिक रूप से सम्मानजनक जुड़ाव में योगदान देगा। इसी के साथ बांग्लादेश की निरंतर स्थिरता, प्रगति और समृद्धि के लिए अपनी शुभकामनाएं दीं।
शहबाज शरीफ ने किया पोस्ट
प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने भी बीएनपी को 'शानदार जीत' दिलाने पर तारिक रहमान को बधाई भी दी। उन्होंने एक्स पोस्ट में लिखा, 'बांग्लादेश में संसदीय चुनावों में बीएनपी को शानदार जीत दिलाने के लिए मैं तारिक रहमान को हार्दिक बधाई देता हूं। मैं चुनावों के सफल संचालन के लिए बांग्लादेश की जनता को भी बधाई देता हूं।'
I extend my warmest felicitations to Mr. Tarique Rahman on leading the BNP to a resounding victory in the Parliamentary elections in Bangladesh. I also congratulate the people of Bangladesh on the successful conduct of the elections.
— Shehbaz Sharif (@CMShehbaz) February 13, 2026
I look forward to working closely with the…
पाकिस्तान के पीएम ने आगे कहा कि वह बांग्लादेश के नए नेतृत्व के साथ मिलकर काम करने के लिए उत्सुक हैं ताकि ऐतिहासिक, भाईचारे वाले बहुआयामी द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत किया जा सके और दक्षिण एशिया और उससे परे शांति, स्थिरता और विकास के हमारे साझा लक्ष्यों को आगे बढ़ाया जा सके।
तख्तापलट के बाद बांग्लादेश में पहला चुनाव
बता दें कि साल 2024 में युवा नेतृत्व वाले विद्रोह के बाद शेख हसीना की अवामी लीग सरकार गिर गई थी। इसी के साथ चुनाव में हसीना की पार्टी अवामी लीग नहीं उतरी थी। ऐसे में चुनाव में बीएनपी और उसके पूर्व सहयोगी जमात-ए-इस्लामी के बीच सीधी टक्कर देखी जा रही थी।
ये भी पढ़ें: क्या सुधरेंगे रिश्ते: तारिक रहमान को बांग्लादेश चुनाव में प्रचंड बहुमत, BNP की जीत भारत के नजरिए से कितनी खास?
बीएनपी पिछली बार 2001 से 2006 के बीच सत्ता में थी, जब जमात उसकी महत्वपूर्ण सहयोगी पार्टी थी और उसके दो नेता मंत्री के रूप में कार्यरत थे। इससे पहले बीएनपी ने घोषणा की थी कि अगर वह चुनाव जीतती है, तो उसके अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया के बेटे रहमान बांग्लादेश के अगले प्रधानमंत्री होंगे। ऐसे में तारिक रहमान 35 वर्षों में बांग्लादेश के पहले पुरुष प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं।
अन्य वीडियो