Conflict: जेलेंस्की-ट्रंप की मुलाकात से पहले अमेरिका में यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल, हथियार कंपनियों का किया दौरा
रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच राष्ट्रपति जेलेंस्की की ट्रंप से मुलाकात से पहले यूक्रेन का उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल अमेरिका पहुंचा। यूक्रेनी अधिकारियों ने लॉकहीड मार्टिन और रेथियॉन के अधिकारियों से मुलाकात की, जिससे इस बात के कयास तेज हो गए है कि यूक्रेन अमेरिका से कुछ अहम मिसाइलों की मांग करने वाला है।
विस्तार
रूस और यूक्रेन के बीच तीन साल से ज्यादा समय से जारी संघर्ष थमने का नाम नहीं रहा। कई देशों द्वारा किए गए अथक प्रयासों के बाद भी अभी तक इस संघर्ष के थमने का दूर-दूर तक कोई आसार नहीं दिख रहा है। इसी बीच राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की की इस सप्ताह के अंत में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से होने वाली मुलाकात से पहले यूक्रेन का एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल अमेरिका दौरे पर है। इस दौरान प्रतिनिधियों ने अमेरिका की दो बड़ी हथियार कंपनियों लॉकहीड मार्टिन और रेथियॉन का दौरा किया और कई अधिकारियों से मुलाकात की।
बता दें कि यूक्रेनी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व राष्ट्रपति कार्यालय प्रमुख एंड्री यरमक और प्रधानमंत्री यूलिया स्विरीडेंको कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यूक्रेन का इन कंपनियों के साथ सहयोग लगातार बढ़ रहा है। यूक्रेन अमेरिका से क्रूज मिसाइल, एयर डिफेंस सिस्टम और ड्रोन निर्माण में साझेदारी चाहता है। खासतौर पर रेथियॉन की पैट्रियट मिसाइलें और टॉमहॉक क्रूज मिसाइलें यूक्रेन के लिए अहम मानी जा रही हैं। टॉमहॉक से यूक्रेन रूस के अंदर गहरे और सटीक हमले कर सकता है।
ये भी पढ़ें:- मैडागास्कर में तख्तापलट: विरोध के बाद सेना ने पूरी तरह संभाली बागडोर, कर्नल रैंड्रियानीरिना बनेंगे राष्ट्रपति!
क्या ट्रंप देंगे टॉमहॉक देने की मंजूरी?
मीडिया रिपोर्ट की माने तो जेलेंस्की की ट्रंप से होने वाली मुलाकात में टॉमहॉक मिसाइलें हासिल करने की मांग की जा सकती है। हालांकि अमेरिका अभी इस पर फैसला लेने से हिचक रहा है क्योंकि इस फैसले से युद्ध और तेज हो सकता है। उधर, ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर रूस जल्द युद्ध नहीं रोकता तो वे यूक्रेन को टॉमहॉक मिसाइलें भेज सकते हैं।
अमेरिका-यूक्रेन निवेश फंड पर भी चर्चा
यूक्रेनी प्रधानमंत्री स्विरीडेंको ने अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट से मुलाकात कर यूएस-यूक्रेन पुनर्निवेश कोष को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया तेज की है। इस फंड से अमेरिका को यूक्रेन के खनिज संसाधनों तक पहुंच मिलेगी और ऊर्जा व इंफ्रास्ट्रक्चर में निवेश किया जाएगा।
ये भी पढ़ें:- Israel-Hamas Ceasefire: 'हमास ने जो एक शव लौटाया, वह बंधक का नहीं था...', इस्राइली सेना का दावा
जारी है रूस का यूक्रेन पर हमला
गौरतलब है कि इन सबके बीच भी रूस का यूक्रेन पर हमला कम होने का नाम नहीं ले रहा है। रूस और यूक्रेन के बीच ऊर्जा ठिकानों पर हमले लगातार जारी हैं। यूक्रेन ने क्रीमिया के फियोदोसिया तेल टर्मिनल पर हमला कर 16 ईंधन टैंक तबाह कर दिए। वहीं रूस ने यूक्रेन की तेल कंपनी नैफ्टोगाज के एक थर्मल पावर प्लांट पर हमला किया। इसके चलते कम से कम दो क्षेत्रों में ब्लैकआउट हो गया।
