आखिर क्या चाहते हैं ट्रंप?: तेहरान से बातचीत के लिए तैयार, तो ईरान पर अमेरिका-इस्राइल क्यों बरपा रहे कहर
आखिर डोनाल्ड ट्रंप क्या चाहते हैं- जंग या बातचीत? एक ओर तेहरान से संवाद के संकेत, तो दूसरी तरफ ईरान पर अमेरिका-इस्राइल के लगातार हमले। क्या यह रणनीतिक दबाव की चाल है या बड़े संघर्ष की भूमिका?
विस्तार
पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर है। ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत के बाद अमेरिका और इस्राइल ने रविवार को ईरान के कई सैन्य ठिकानों पर भीषण बमबारी की। तेहरान समेत कई शहरों में धमाकों से इमारतों की खिड़कियां हिल गईं और आसमान में धुएं के गुबार छा गए। ईरानी अधिकारियों के मुताबिक, हमलों की शुरुआत से अब तक 200 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें कई वरिष्ठ सैन्य अधिकारी भी शामिल हैं।
ट्रंप का सख्त संदेश, लेकिन बातचीत के लिए भी तैयार
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में कहा कि अमेरिकी सैनिकों की मौत का बदला लिया जाएगा। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि संघर्ष खत्म होने से पहले और जानें जा सकती हैं। हालांकि, ट्रंप ने यह भी स्पष्ट किया कि वह ईरान के नए नेतृत्व से बातचीत के लिए तैयार हैं। एक साक्षात्कार में उन्होंने कहा वे बात करना चाहते हैं और मैंने सहमति दे दी है।
ये भी पढ़ें:- Israel-Iran War News LIVE: इस्राइल ने बेरूत में बमबारी की; ईरान तनाव के चलते उड़ानें रद्द, IGI पर यात्री फंसे
तेहरान पर 100 लड़ाकू विमानों से हमला
इस्राइल ने दावा किया कि उसके 100 लड़ाकू विमानों ने एक साथ तेहरान में ईरान की वायुसेना, मिसाइल कमान और आंतरिक सुरक्षा बलों के ठिकानों पर हमला किया। अमेरिकी सेना ने बताया कि B-2 स्टील्थ बॉम्बर्स ने ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल ठिकानों पर 2000 पाउंड के बम गिराए। ट्रंप के अनुसार, नौ ईरानी युद्धपोत डुबो दिए गए और नौसेना मुख्यालय को भारी नुकसान पहुंचा है।
ईरान का पलटवार, इस्राइल और खाड़ी देश निशाने पर
ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए इस्राइल और खाड़ी देशों की ओर मिसाइलें दागीं। इस्राइल के बचाव अधिकारियों के अनुसार, यरुशलम और बीट शेमेश में हमलों में 9 लोगों की मौत और 28 घायल हुए। हिजबुल्ला ने भी इस्राइल पर रॉकेट दागे। इसके जवाब में इस्राइल ने लेबनान की राजधानी बेरूत पर हवाई हमले किए।
खाड़ी देशों में भी दहशत
संयुक्त अरब अमीरात, कतर, सऊदी अरब, कुवैत और बहरीन ने ईरानी हमलों की पुष्टि की है। कई जगह होटल, एयरपोर्ट और नागरिक ठिकानों को निशाना बनाया गया। अधिकांश मिसाइलें इंटरसेप्ट कर ली गईं, लेकिन कुछ हमलों में जानमाल का नुकसान हुआ।
सुनसान हुई तेहरान की सड़कें
तेहरान में लोग घरों में दुबके रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शहर में जगह-जगह चेकपोस्ट लगाए गए हैं। सरकारी समाचार एजेंसी ने बताया कि ईरान के सरकारी प्रसारण केंद्र की इमारत को भी नुकसान पहुंचा है। दक्षिणी ईरान में एक लड़कियों के स्कूल पर हमले में 165 लोगों की मौत की खबर है, हालांकि इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get latest World News headlines in Hindi related political news, sports news, Business news all breaking news and live updates. Stay updated with us for all latest Hindi news.