सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Automobiles News ›   Car Brake Failure? Seven Life-Saving Tips to Stay Safe During Emergency

Car Brake Failure: चलती कार के ब्रेक फेल हो जाएं तो क्या करें? जानें बचाव और सुरक्षा के टिप्स

ऑटो डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Suyash Pandey Updated Wed, 25 Mar 2026 05:06 PM IST
विज्ञापन
सार

Car Brake Failure Tips: चलती कार के ब्रेक फेल होना किसी के लिए भी डरावना पल हो सकता है। हालांकि आधुनिक कारों में ऐसा बहुत कम होता है, लेकिन ऐसी आपातकालीन स्थिति कभी बताकर नहीं आती। इस लेख के जरिए जानेंगे कि अगर कभी आपकी कार के ब्रेक काम करना बंद कर दें तो बिना घबराए कार को सुरक्षित तरीके से कैसे रोकें और बड़े हादसे से कैसे बचें।

Car Brake Failure? Seven Life-Saving Tips to Stay Safe During Emergency
कार ब्रेक (सांकेतिक तस्वीर) - फोटो : istock
विज्ञापन

विस्तार

आज की आधुनिक कारों में ब्रेक फेल होने की समस्या बहुत कम देखने को मिलती है। आजकल की गाड़ियों में एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम (ABS) और EBD जैसी शानदार तकनीकें होती हैं, जो सेफ्टी को कई गुना बढ़ा देती हैं। लेकिन इसके वाबजूद भी, ब्रेक फ्लूइड लीक होने, पुर्जों के ज्यादा गर्म होने या ब्रेक पैड के बुरी तरह घिस जाने की वजह से कभी-कभी ब्रेक काम करना बंद कर सकते हैं। आमतौर पर ब्रेक फेल होने से पहले कार कुछ संकेत देती है, जैसे- ब्रेक पैडल का एकदम नरम पड़ जाना, गाड़ी रुकने में ज्यादा समय लगना या ब्रेक लगाते समय अजीब आवाजें आना। अगर इसे नजरअंदाज किया जाए तो अंजाम खतरनाक हो सकते हैं। अगर कभी ड्राइविंग के दौरान आपकी कार के ब्रेक काम करना बंद कर दें तो घबराने के बजाय इन आसान और सुरक्षित तरीकों को अपनाएं:
Trending Videos

1. शांत रहें और स्टीयरिंग पर कंट्रोल रखें

सबसे पहला और जरूरी कदम है शांत रहना। घबराहट में आप कोई गलत कदम उठा सकते हैं जिससे गाड़ी का बैलेंस बिगड़ सकता है। स्टीयरिंग व्हील को मजबूती से पकड़ें और सामने की सड़क पर सुरक्षित रास्ता खोजें। अचानक लेन बदलने या गाड़ी को तेजी से मोड़ने की गलती न करें।
विज्ञापन
विज्ञापन

2. हैजर्ड लाइट्स जलाएं और हॉर्न बजाएं

जैसे ही आपको पता चले कि ब्रेक काम नहीं कर रहे हैं, तुरंत कार के चारों इंडिकेटर ऑन कर दें। इसके साथ ही लगातार हॉर्न बजाएं ताकि आस-पास चल रहे वाहन और पैदल यात्री अलर्ट हो जाएं और आपकी कार से दूरी बना लें।

3. ब्रेक पैडल को बार-बार तेजी से दबाएं (पंप करें)

अगर ब्रेक रिस्पॉन्स नहीं दे रहे हैं तो ब्रेक पैडल को बार-बार और तेजी से दबाएं। कई बार ब्रेक लाइन्स में हवा आ जाने या प्रेशर कम होने पर ऐसा करने से थोड़ा हाइड्रोलिक प्रेशर वापस बन जाता है और ब्रेक कुछ हद तक काम करने लगते हैं।

4. गियर डाउन करके स्पीड कम करें (इंजन ब्रेकिंग)

गाड़ी की रफ्तार कम करने के लिए 'इंजन ब्रेकिंग' एक बहुत ही कारगर तरीका है। अगर आप मैनुअल कार चला रहे हैं, तो धीरे-धीरे छोटे गियर्स में आएं, जैसे चौथे गियर से तीसरे और फिर दूसरे गियर में शिफ्ट करें। वहीं, ऑटोमैटिक कार में गियर को 'L' (Low), '2' या '1' मोड पर ले आएं। हालांकि, ऐसा करते समय इस बात की सावधानी जरूर बरतें कि बहुत तेज स्पीड में अचानक सबसे छोटा गियर न डालें, क्योंकि इससे गाड़ी झटके के साथ फिसल सकती है और आप कंट्रोल खो सकते हैं।

5. हैंडब्रेक (पार्किंग ब्रेक) का सावधानी से इस्तेमाल करें

जब कार की स्पीड थोड़ी कम हो जाए, तो हैंडब्रेक का इस्तेमाल करें। लेकिन ध्यान रहे, इसे झटके से नहीं खींचना है। हैंडब्रेक के बटन को दबाकर रखें और इसे धीरे-धीरे ऊपर की तरफ खींचें ताकि आप ब्रेकिंग की ताकत को कंट्रोल कर सकें। अचानक खींचने से पीछे के पहिए लॉक हो सकते हैं।

6. रास्ते की रुकावटों की मदद लें

गाड़ी की स्पीड कम करने के लिए आप प्राकृतिक चीजों की मदद ले सकते हैं। अगर सामने कोई हल्की चढ़ाई है तो कार को उस तरफ ले जाएं। इसके अलावा, अगर सुरक्षित लगे तो कार को पक्की सड़क से हल्की कच्ची सड़क (बजरी या घास वाली जगह) पर उतार लें, इससे टायर को रेजिस्टेंस (घर्षण) मिलेगा और कार धीमी हो जाएगी।

7. इंजन को तुरंत बंद करने की गलती कभी न करें

चलती गाड़ी का इंजन बंद करना आखिरी विकल्प होना चाहिए। इंजन बंद होने से आपका 'पावर स्टीयरिंग' जाम हो सकता है, जिससे कार को मोड़ना बेहद मुश्किल हो जाएगा। पुश-बटन स्टार्ट वाली कारों में भी इंजन बंद होने से कई जरूरी फंक्शन रुक सकते हैं। इसलिए इंजन चालू रखें और गाड़ी धीमी करने पर फोकस करें।

बचाव का सबसे अच्छा तरीका: नियमित मेंटेनेंस

जैसा कि कहा जाता है, 'इलाज से बेहतर बचाव है', इसलिए ब्रेक फेल होने के जोखिम को कम करने के लिए अपनी कार की समय पर सर्विसिंग कराना बेहद जरूरी है। इसके लिए हमेशा ब्रेक फ्लूइड का लेवल चेक करते रहें और सर्विस के दौरान ब्रेक पैड्स व डिस्क की बारीकी से जांच जरूर करवाएं। साथ ही, ड्राइविंग करते समय ब्रेक से आ रही किसी भी तरह की आवाज या वाइब्रेशन को कभी इग्नोर न करें, क्योंकि ये बड़े खतरे के शुरुआती संकेत हो सकते हैं। यकीन मानिए, सही जानकारी और समय पर दिखाई गई सूझबूझ से आप किसी भी बड़ी दुर्घटना को आसानी से टाल सकते हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें ऑटोमोबाइल समाचार से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। ऑटोमोबाइल जगत की अन्य खबरें जैसे लेटेस्ट कार न्यूज़, लेटेस्ट बाइक न्यूज़, सभी कार रिव्यू और बाइक रिव्यू आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

एप में पढ़ें

Followed