Viral Video: राइडर ने बीच सड़क डिवाइडर पर दौड़ाई Himalayan 450, वायरल वीडियो पर मचा बवाल
Himalayan 450 Stunt Video: सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक राइडर अपनी Royal Enfield Himalayan 450 बाइक को बीच सड़क के डिवाइडर पर दौड़ाते हुए खतरनाक स्टंट कर रहा है। इस लापरवाही भरे वीडियो को देखकर इंटरनेट पर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा है।
विस्तार
सोशल मीडिया पर आजकल सिर्फ कुछ व्यूज और लाइक्स पाने के लिए लोग ट्रैफिक नियमों की धज्जियां उड़ाने से नहीं चूक रहे हैं। हाल ही में इंस्टाग्राम पर एक ऐसा ही वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें एक राइडर अपनी Royal Enfield Himalayan 450 बाइक को बीच सड़क के डिवाइडर पर दौड़ाता नजर आ रहा है। इस खतरनाक स्टंट की इंटरनेट पर जमकर आलोचना हो रही है।
वीडियो में क्या है?
हैरानी की बात यह है कि इस फुटेज को खुद राइडर ने ही शेयर किया है, जिसमें उसे ट्रैफिक और सुरक्षा नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाते हुए देखा जा सकता है। वीडियो की शुरुआत में राइडर पहले तो डिवाइडर के ऊपर अपनी बाइक की स्पीड बढ़ाता है और फिर उसे डिवाइडर से नीचे सड़क पर कुदाते हुए आगे निकल जाता है।
इतना ही नहीं, कुछ दूर जाने के बाद वह कैमरे की तरफ मुड़कर इशारा भी करता है। हालांकि, यह कोई पहला मौका नहीं है जब युवाओं ने पब्लिक रोड पर इस तरह के जानलेवा स्टंट किए हों। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों के कारण आम लोगों में गुस्सा बढ़ रहा है और वे पुलिस से इन पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
लोगों का रिएक्शन: "जीरो सिविक सेंस"
वीडियो के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर लोगों ने इस राइडर को खरी-खोटी सुनानी शुरू कर दी। कमेंट सेक्शन में ज्यादातर लोगों ने इस हरकत को बेहद "लापरवाह" करार दिया है। लोगों का मानना है कि सड़क पर ऐसी गैर-जिम्मेदाराना हरकतों की वजह से असली और सुरक्षित मोटरसाइकिल राइडर्स की छवि भी खराब होती है।
वीडियो पर गुस्सा जाहिर करते हुए एक यूजर ने तंज कसा और लिखा, "जीरो सिविक सेंस"। हालांकि, इन सबके बीच इंटरनेट पर एक छोटा वर्ग ऐसा भी देखा गया जो इस स्टंट और राइडर की तारीफ कर रहा था। जो कि सड़क सुरक्षा के नजरिए से एक बेहद चिंताजनक बात है।
ऑफ-रोडिंग बाइक का गलत इस्तेमाल
इस घटना ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि कुछ लोग सोशल मीडिया पर मशहूर होने के लिए अपनी और दूसरों की जान दांव पर लगा रहे हैं। Himalayan 450 एक दमदार एडवेंचर बाइक है, जिसे खराब रास्तों और पहाड़ों (ऑफ-रोडिंग) पर चलाने के लिए बेहतरीन फीचर्स के साथ बनाया गया है। शहरी सड़कों पर इस तरह के खतरनाक स्टंट करना इस शानदार मशीन का सरासर गलत इस्तेमाल है।
पुलिस और प्रशासन की सख्ती
आपको बता दें कि पुलिस-प्रशासन ऐसे मामलों में लगातार सख्ती दिखा रहा है। कुछ समय पहले ही उत्तर प्रदेश में एक Mahindra Thar से स्टंट करने पर पुलिस ने गाड़ी तक जब्त कर ली थी। प्रशासन अक्सर यह चेतावनी देता है कि वाहन अपनी लेन में ही चलाएं, क्योंकि हाई-वे पर डिवाइडर आमने-सामने की टक्कर रोकने के लिए बनाए जाते हैं, न कि उन पर गाड़ियां दौड़ाने के लिए।
मौजूदा समय में जब भारत में टू-व्हीलर्स की बिक्री तेजी से बढ़ रही है, ऐसे में सड़क सुरक्षा ही हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता होनी चाहिए। दमदार बाइक्स चलाने का मजा सुरक्षित तरीके से और सही जगह पर ही लें, पब्लिक सड़क पर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डालकर नहीं।

कमेंट
कमेंट X