Bihar: दरभंगा ज्वेलरी लूट कांड का खुलासा, सोना गायब लेकिन चांदी बरामद; दो करोड़ की लूट में छह की गिरफ्तारी
दरभंगा के प्रेम ज्वेलर्स लूटकांड में बेगूसराय पुलिस ने छह आरोपियों की गिरफ्तारी का दावा किया, लेकिन बरामदगी में सिर्फ चांदी मिली। सोना गायब है। पढ़ें खबर
विस्तार
दरभंगा के नगर थाना क्षेत्र के बाजार स्थित प्रेम ज्वेलर्स में हुई करीब 2 करोड़ रुपये की ज्वेलरी लूट कांड का खुलासा करने का दावा बेगूसराय पुलिस ने किया है। पुलिस ने छह आरोपियों की गिरफ्तारी की बात कही है, लेकिन बरामदगी को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, केवल कुछ चांदी के आभूषण, एक पिस्टल, कारतूस और मोबाइल बरामद किए गए हैं। हैरानी की बात यह है कि बरामद चांदी के गहनों की न तो संख्या बताई गई है और न ही वजन का उल्लेख किया गया है। जबकि प्राथमिकी के अनुसार, 3 अप्रैल को अपराधियों ने पिस्टल के बल पर करीब 700 ग्राम सोना और 20 से 25 किलो चांदी लूट ली थी और चार बैग में भरकर फरार हो गए थे।
घटना के बाद दरभंगा पुलिस ने स्वर्ण व्यवसायियों को जल्द खुलासे का आश्वासन दिया, जिसके बाद विरोध प्रदर्शन को फिलहाल टाल दिया गया। हालांकि व्यवसायियों ने जौहरी बाजार में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। पुलिस ने एहतियात के तौर पर इलाके में अतिरिक्त बल की तैनाती कर दी है।
पढ़ें: बहन की शादी से पहले बुझ गया घर का चिराग, भाई ने फांसी लगाकर दे दी जान; खुशियों के आंगन में मातम पसरा
एसएसपी जगुनाथ रेड्डी के निर्देश पर सदर डीएसपी राजीव कुमार के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। जांच के दौरान ज्वेलर्स के एक कर्मचारी के दोस्त की संलिप्तता सामने आई, जिसके आधार पर पुलिस बेगूसराय पहुंची और STF के साथ मिलकर कार्रवाई की।
मंसूरचक में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें मंगल सिंह को पैर में गोली लगी। उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह व्हीलचेयर के सहारे चलता देखा गया। मंगल सिंह बेगूसराय के बलिया थाना क्षेत्र का निवासी है और पूर्व में भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सभी छह आरोपियों ने लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों में अविनाश कुमार, गौतम कुमार, विक्की कुमार, आर्यन कुमार और पवन झा शामिल हैं। इनमें से चार का कोई आपराधिक इतिहास नहीं बताया गया है।