Bihar News: बदमाशों पर कहर बनकर टूटी बिहार पुलिस, हत्याकांड के आरोपी का किया एनकाउंटर
Bihar News: मधुबनी में पिछले दिनों जय राम हत्याकांड के मुख्य आरोपी मो. अरसद को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली मारकर गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ रामपट्टी-राजनगर स्टेट हाईवे पर हुई, जहां गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की थी।
विस्तार
बिहार के गृह मंत्री सम्राट चौधरी द्वारा राज्य में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के एलान के बाद पुलिस लगातार एक्शन मोड में नजर आ रही है। ताजा मामला मधुबनी जिले से सामने आया है, जहां रविवार देर रात जय राम हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में पैर में गोली मारकर घायल कर दिया। रामपट्टी-राजनगर स्टेट हाईवे पर पुलिस और अपराधियों के बीच आमने-सामने की मुठभेड़ से इलाके में सनसनी फैल गई। इस दौरान कुख्यात अपराधी मो. अरसद घायल हो गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
10 फरवरी की हत्या के बाद से थी तलाश
मधुबनी एसपी योगेंद्र कुमार ने बताया कि 10 फरवरी को राघोपुर बलाट समाधि टोला निवासी जयराम मंडल की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि इस वारदात में शामिल अपराधी रामपट्टी-राजनगर स्टेट हाईवे से गुजरने वाले हैं। सूचना मिलते ही बलाट गांव के पास घेराबंदी कर सख्त वाहन जांच अभियान चलाया गया। इसी दौरान बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। घटनास्थल से पुलिस ने एक लोडेड पिस्टल भी बरामद की है। घायल अरसद को तत्काल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
सीसीटीवी फुटेज से हुई बदमाश की पहचान
पुलिस के मुताबिक, घायल आरोपी हत्याकांड में मुख्य रूप से शामिल था। घटना के दिन वह एक खास तरह की जैकेट पहनकर बाइक के साथ घटनास्थल के आसपास देखा गया था, जिसकी पुष्टि सीसीटीवी फुटेज से हुई है। एसपी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। मोहम्मद अरसद पर पहले से कई संगीन मामले दर्ज हैं।
ये भी पढ़ें: बिहार में ममता हुई शर्मसार, स्कूल बैग में ईंट भर मासूम को बनाया बोझ, बीच सड़क पर बरसाए थप्पड़
तीन अन्य आरोपी गिरफ्तार
मुठभेड़ के बाद चलाए गए सघन अभियान में अरसद के भाई अमन और अमीर समेत तीन आरोपियों को हथियार और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया गया है। फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इलाके में घटना के बाद दहशत का माहौल है, हालांकि पुलिस इसे बड़ी सफलता मान रही है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि फरार आरोपियों को पुलिस कब तक गिरफ्तार कर पाती है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.