Bihar: पुलिस के खिलाफ माकपा का ‘आर-पार’ आंदोलन, दूसरे दिन भी हुआ धरना; विधायक ने दी बड़े आंदोलन की चेतावनी
समस्तीपुर के दलसिंहसराय में पुलिस की कार्यशैली के खिलाफ माकपा का अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। विधायक अजय कुमार की अगुवाई में पार्टी ने दारोगा-चौकीदार के निलंबन, अजित हत्याकांड के आरोपितों की गिरफ्तारी समेत चार सूत्री मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय में पुलिस की कार्यशैली को लेकर माकपा ने अब आर-पार के आंदोलन का ऐलान कर दिया है। कथित तौर पर ग्रामीणों के साथ मारपीट के मामले में दलसिंहसराय थाने में पदस्थ दारोगा और चौकीदार के निलंबन, अजित हत्याकांड के आरोपितों की गिरफ्तारी समेत चार सूत्री मांगों को लेकर विभूतिपुर विधायक सह माकपा राज्य सचिव मंडल सदस्य अजय कुमार की अगुवाई में बुधवार से दलसिंहसराय थाना परिसर में शुरू हुआ अनिश्चितकालीन धरना दूसरे दिन गुरुवार को अंचल कार्यालय परिसर में भी जारी रहा। बुधवार को थाना परिसर में शुरू हुआ प्रदर्शन गुरुवार को अंचल कार्यालय परिसर पहुंचा, जहां कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मांगों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
NH-28 से निकला जुलूस, थाना परिसर में शुरू हुआ धरना
धरना-प्रदर्शन से पूर्व माकपा कार्यकर्ताओं ने दलसिंहसराय एनएच-28 चौराहे से जुलूस निकाला। गुदरी रोड और थाना रोड होते हुए कार्यकर्ता थाना परिसर पहुंचे। यहां पुलिस प्रशासन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी के बीच अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया। धरने की अध्यक्षता कामरेड रामसेवक राय ने की।
विभूतिपुर विधायक सह माकपा राज्य सचिव मंडल सदस्य अजय कुमार ने अशोक कुमार के साथ कथित मारपीट के मामले में दारोगा नईम अंसारी और चौकीदार उमेश पासवान के निलंबन की मांग की। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों पर लगे आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। विधायक ने मामले को विधानसभा में उठाने की बात भी कही।
अजित हत्याकांड से लेकर दुष्कर्म मामले तक उठे सवाल
आंदोलन के दौरान केवटा पंचायत के कागपुर निवासी अजित कुमार हत्याकांड को लेकर भी पुलिस प्रशासन पर सवाल उठाए गए। माकपा नेताओं ने हत्याकांड के आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। इसके अलावा सुनील पोद्दार के आवेदन पर निष्पक्ष कार्रवाई और केवटा की एक पीड़ित युवती से दुष्कर्म के आरोपित की गिरफ्तारी में कथित देरी के मामले में जिम्मेदारी तय करने की मांग उठाई गई। पार्टी नेताओं ने आरोप लगाया कि कई मामलों में कार्रवाई लंबित रहने से लोगों में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामलों की निष्पक्ष, पारदर्शी और समयबद्ध जांच कराने की मांग की।
दूसरे दिन बदला धरनास्थल, अंचल कार्यालय में डटे कार्यकर्ता
आंदोलन के दूसरे दिन धरना थाना परिसर के बजाय अंचल कार्यालय परिसर में जारी रहा। यहां पार्टी नेताओं ने दोहराया कि मांगों पर ठोस कार्रवाई होने तक धरना खत्म नहीं किया जाएगा। माकपा नेताओं ने कहा कि यह आंदोलन किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि कथित पुलिस ज्यादती और लंबित मामलों में कार्रवाई की मांग को लेकर है। उन्होंने कहा कि दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई और पीड़ितों को न्याय मिलना चाहिए।
ये भी पढ़ें- एक्सप्रेसवे के अलाइनमेंट पर संग्राम: बिहार में एक्सप्रेसवे चाहिए, लेकिन घर-कॉलेज उजाड़कर नहीं; जोरदार प्रदर्शन
‘कार्रवाई नहीं हुई तो और तेज होगा आंदोलन’
विधायक अजय कुमार ने स्पष्ट किया कि दारोगा और चौकीदार के खिलाफ कार्रवाई, अजित हत्याकांड के आरोपितों की गिरफ्तारी और अन्य मांगों पर प्रशासन की ओर से ठोस पहल होने तक अनिश्चितकालीन धरना जारी रहेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगों की अनदेखी हुई तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
समस्तीपुर जिले के दलसिंहसराय में दारोगा - चौकीदार निलंबन को लेकर दूसरे दिन हुआ धरना।