Bihar News: सड़क हादसे में दो युवकों की मौत, अस्पताल में इलाज में देरी के आरोप पर हंगामा, प्रबंधक से हाथापाई
नवादा जिले के नेमदारगंज थाना क्षेत्र के लेदहा मोड़ के पास हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतकों की पहचान आतिफ और मोहम्मद कैफ के रूप में हुई है। तीनों युवक किसी काम से जा रहे थे, तभी एक अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वादा जिले के नेमदारगंज थाना क्षेत्र के लेदहा मोड़ के पास रविवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद सदर अस्पताल में इलाज में देरी और चिकित्सक के अनुपस्थित रहने के आरोप को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। इस दौरान अस्पताल प्रबंधक के साथ धक्का-मुक्की और हाथापाई की घटना भी हुई।
अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार मोगलाखार गांव निवासी 15 वर्षीय आतिफ, पिता मोहम्मद आरिफ, और 20 वर्षीय मोहम्मद कैफ, पिता मंजर इमाम, की हादसे में मौत हो गई। वहीं 16 वर्षीय गुलजार, पिता मुन्ना, गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि तीनों युवक किसी काम से जा रहे थे। इसी दौरान लेदहा मोड़ के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह खबर भी पढ़ें-NEET Re-Exam: आज पटना समेत बिहार के 35 शहरों में नीट पुनर्परीक्षा, गड़बड़ी रोकने के लिए तीन लेयर की सुरक्षा
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों को सदर अस्पताल पहुंचाया। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल पहुंचने पर ड्यूटी पर कोई चिकित्सक मौजूद नहीं था, जिसके कारण समय पर इलाज शुरू नहीं हो सका परिजनों का कहना है कि इलाज में हुई देरी से स्थिति और गंभीर हो गई, जिससे लोगों का गुस्सा भड़क उठा।
अस्पताल में जमकर हंगामा
चिकित्सक के अनुपस्थित रहने के आरोप को लेकर परिजन और ग्रामीण अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन करने लगे। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और लोगों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामे के दौरान आक्रोशित लोगों की अस्पताल प्रबंधक से कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि धक्का-मुक्की और हाथापाई की नौबत आ गई। गुस्साए लोगों ने अस्पताल प्रबंधक की पिटाई भी कर दी। हालात बिगड़ते देख प्रबंधक को वहां से हटना पड़ा।
पुलिस और अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलने के बाद टाउन थाना पुलिस और अस्पताल के उपाधीक्षक एसडी अरेयर मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और माहौल को शांत कराया। पुलिस की मौजूदगी में दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। वहीं घायल गुलजार का इलाज जारी है। मृतकों के परिजनों ने अस्पताल प्रशासन को लिखित आवेदन देकर ड्यूटी से अनुपस्थित चिकित्सक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय पर इलाज मिलता तो शायद दोनों युवकों की जान बचाई जा सकती थी।