Bihar Accident: भीषण सड़क हादसे में घायल इंजीनियर की मौत, BPSC की परीक्षा देकर लौट रहा था; तभी हुआ हादसा
Bihar News: राजकुमार ने आईआईटी जोधपुर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की थी और पिछले एक वर्ष से दिल्ली स्थित एचसीएल कंपनी में कार्यरत था। करीब 40 दिन पहले वह गांव आया था।
विस्तार
मधेपुरा जिले में 13 सितंबर को हुए भीषण सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की रविवार देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान जजहट सबैला वार्ड-8 निवासी अनिल कुमार के पुत्र राजकुमार (26) के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, 13 सितंबर को राजकुमार अपने फुफेरे भाई चंद्रभूषण कुमार उर्फ पप्पू कुमार (36) के साथ भागलपुर BPSC की प्रारंभिक परीक्षा देकर बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान मधेपुरा-उदाकिशनुगंज एनएच-106 पर मधुबन गांव के पास कार, बाइक और ट्रैक्टर की जोरदार टक्कर हो गई थी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घटना के बाद घायल चंद्रभूषण कुमार, जो सुपौल जिले के झौरा निवासी रामानंदन यादव के पुत्र थे, को जेएनकेटी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसी दिन उनकी मौत हो गई थी। वहीं, राजकुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। परिजन उसे नेपाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए, जहां आठ दिनों तक इलाज चला। रविवार देर रात उसने दम तोड़ दिया।
पढे़ं; पैक्स अध्यक्ष, पत्नी-बेटे की पुलिस ने कर दी पिटाई! एसपी को दिया गया आवेदन, जमकर हुआ बवाल
राजकुमार ने आईआईटी जोधपुर से इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की थी और पिछले एक वर्ष से दिल्ली स्थित एचसीएल कंपनी में कार्यरत था। करीब 40 दिन पहले वह गांव आया था। रिश्तेदारों के अनुसार, वह शुरू से ही मेधावी छात्र था और उसकी इच्छा प्रशासनिक सेवा में जाने की थी। नौकरी के साथ-साथ वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रहा था।
सोमवार सुबह जब एम्बुलेंस से राजकुमार का शव गांव पहुंचा तो परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे गांव में मातम पसर गया। सूचना मिलते ही भर्राही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। राजकुमार दो भाइयों में बड़ा था। उसकी असमय मृत्यु से पूरे परिवार और गांव में गमगीन माहौल है।