Bihar Election: ‘तेजस्वी के लालटेन में तेल नहीं बचा', महाराष्ट्र के सीएम फडणवीस का तंज; चिराग भी जमकर बरसे
Bihar Election: सभा को संबोधित करते हुए देवेंद्र फडणवीस ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह चुनाव बिहार को विकास या जंगलराज इन दो दिशाओं में से एक की ओर ले जाएगा। तेजस्वी यादव पर व्यंग्य करते हुए उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव के लालटेन में अब तेल नहीं बचा है
विस्तार
रविवार को सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर में एनडीए की एक विशाल चुनावी सभा आयोजित हुई, जिसने स्थानीय राजनीतिक तापमान को जबरदस्त तरीके से बढ़ा दिया। नगर परिषद क्षेत्र के उच्च विद्यालय मैदान में हुई इस सभा में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री व लोजपा (रामविलास) सुप्रीमो चिराग पासवान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
फडणवीस ने जहां राजद नेता तेजस्वी यादव के ‘लालटेन’ चुनाव चिन्ह पर तीखा प्रहार किया, वहीं चिराग पासवान ने स्थानीय महागठबंधन नेताओं महबूब अली कैशर और यूसुफ सलाउद्दीन पर विश्वासघात का आरोप लगाते हुए भावनात्मक अपील की।
फडणवीस बोले- बिहार को अब बिजली चाहिए, लालटेन नहीं
सभा को संबोधित करते हुए देवेंद्र फडणवीस ने विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि यह चुनाव बिहार को विकास या जंगलराज इन दो दिशाओं में से एक की ओर ले जाएगा। तेजस्वी यादव पर व्यंग्य करते हुए उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव के लालटेन में अब तेल नहीं बचा है और बिहार चलाना कोई बच्चों का खेल नहीं। बिहार को अब बिजली चाहिए, लालटेन नहीं।
फडणवीस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि एनडीए सरकार ने हर वर्ग के लिए काम किया है चाहे किसानों को सम्मान निधि देना हो, गरीबों को आवास मुहैया कराना हो या युवाओं को रोजगार के अवसर देना हो। उन्होंने दावा किया कि आज बिहार में नक्सलवाद कम हुआ है, निवेश के रास्ते खुले हैं और सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा बिजली जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय सुधार हुए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर विपक्ष सत्ता में आया, तो बिहार एक बार फिर 1990 के दशक के अंधकार युग में लौट जाएगा।
पढ़ें: कोर्ट ने अनंत सिंह को 14 दिन के लिए जेल भेजा, दुलारचंद के पौत्र ने कहा- न्याय नहीं मिला है
मेरे पिता की आत्मा छलनी हुई: चिराग पासवान
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने मंच से स्थानीय महागठबंधन नेताओं पर सीधा प्रहार किया। उन्होंने पूर्व सांसद महबूब अली कैशर और उनके पुत्र यूसुफ सलाउद्दीन पर तीखा हमला करते हुए कहा कि महबूब अली कैशर ने मेरे पिता स्वर्गीय रामविलास पासवान की आत्मा को छलनी करने का काम किया है। उन्होंने और उनके पुत्र ने वह किया जिसकी कभी उम्मीद नहीं थी। जिन्होंने मेरे पिता का साथ वर्षों तक दिया, वही पीठ पीछे खंजर घोंपने का काम कर गए। चिराग ने जनता से अपील की कि राजनीति में विश्वास और विचारधारा सबसे बड़ी पूंजी होती है, लेकिन कुछ लोग केवल सत्ता और लाभ के लिए दल बदलते हैं। उन्होंने लोगों से धोखे की राजनीति को नकारने और विकास की राजनीति को चुनने का आग्रह किया।