Bihar Crime: लखीसराय में हथियार के बल पर लूट, आईटीसी कर्मी से मारपीट कर बाइक-बैग छीना
पीड़ित मनीष कुमार ने बताया कि लूटे गए बैग में कार्यालय के महत्वपूर्ण दस्तावेज और एक ब्लैंक चेक रखा हुआ था। घटना के तुरंत बाद उन्होंने तेतरहाट थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
विस्तार
लखीसराय जिले के तेतरहाट थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात बेखौफ अपराधियों ने हथियार के बल पर लूट की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। सोंधी-शरमा मुख्य मार्ग पर बाइक सवार तीन अपराधियों ने आईटीसी के क्षेत्रीय पर्यवेक्षक मनीष कुमार के साथ मारपीट कर उनकी बाइक और बैग लूट लिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मनीष कुमार, रामगढ़ चौक थाना क्षेत्र के औरे गांव से अपने घर खैरमा लौट रहे थे। इसी दौरान सोंधी-शरमा मुख्य मार्ग पर पहले से घात लगाए बाइक सवार तीन अपराधियों ने उन्हें रोक लिया। अपराधियों ने हथियार का भय दिखाते हुए पिस्टल के बट से उनकी बेरहमी से पिटाई की। मारपीट के बाद बदमाश उनकी बाइक और बैग छीनकर फरार हो गए।
पढ़ें: मां की संदिग्ध मौत, छोटी बहन ने बड़ी बहन पर लगाया हत्या का आरोप
पीड़ित मनीष कुमार ने बताया कि लूटे गए बैग में कार्यालय के महत्वपूर्ण दस्तावेज और एक ब्लैंक चेक रखा हुआ था। घटना के तुरंत बाद उन्होंने तेतरहाट थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रभारी थानाध्यक्ष ने बताया कि अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास के इलाकों में छापेमारी की जा रही है। मार्ग पर लगे संभावित सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों ने पुलिस से रात्रि गश्ती बढ़ाने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।