Bihar: बेगूसराय में STF और बदमाशों में मुठभेड़, एक घायल, चार गिरफ्तार; ज्वेलरी लूटकांड में बड़ी कार्रवाई
बेगूसराय में एसटीएफ और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में एक अपराधी घायल हुआ है। चार आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। यह कार्रवाई दरभंगा ज्वेलरी लूटकांड से जुड़ी है। पुलिस ने हथियार और लूट का सामान बरामद कर जांच तेज कर दी है।
विस्तार
बिहार के बेगूसराय जिले में शनिवार को पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। यह घटना मंसूरचक थाना क्षेत्र के नारायणपुर चौक के समीप हुई, जहां बिहार पुलिस की एसटीएफ टीम और अपराधियों के बीच फायरिंग हुई।
मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश को गोली लगने की सूचना है, जबकि चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी मनीष कुमार भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई दरभंगा के बड़ा बाजार स्थित प्रेम ज्वेलर्स में शुक्रवार को हुई लूट की बड़ी घटना से जुड़ी है। इस लूटकांड में बदमाशों ने करीब 25 लाख रुपये नकद और लगभग दो करोड़ रुपये के जेवरात लूट लिए थे। घटना के बाद से ही पुलिस और एसटीएफ की टीम आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
पढ़ें; थाने में युवक की मौत पर बवाल, उग्र भीड़ ने पुलिस को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, हथियार भी छीन लिए
सूत्रों के मुताबिक, लूट के बाद बदमाश बेगूसराय की ओर भाग निकले थे। पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी मंसूरचक क्षेत्र के नारायणपुर चौक के पास एक घर और आसपास के खेतों में छिपे हुए हैं। सूचना मिलते ही एसटीएफ और स्थानीय पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया।
इसी दौरान पुलिस ने बदमाशों को आत्मसमर्पण करने के लिए कहा, लेकिन बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है, जबकि मौके से चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से हथियार और लूट से जुड़े सामान बरामद किए हैं। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है और फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।