{"_id":"6a1d028f95e273f458031f65","slug":"bihar-news-khagaria-chautham-police-station-area-sharp-weapon-attack-leaves-daughter-dead-four-including-parents-seriously-injured-munger-news-c-1-1-noi1446-4346318-2026-06-01","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bihar: आधी रात खूनी खेल, परिवार पर धारदार हथियार से वार, बेटी की मौत; जिंदगी-मौत से जूझ रहे माता-पिता समेत चार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bihar: आधी रात खूनी खेल, परिवार पर धारदार हथियार से वार, बेटी की मौत; जिंदगी-मौत से जूझ रहे माता-पिता समेत चार
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, खगड़िया
Published by: मुंगेर ब्यूरो
Updated Mon, 01 Jun 2026 11:37 AM IST
विज्ञापन
सार
Bihar: खगड़िया के चौथम थाना क्षेत्र स्थित करुआमोड़ में रविवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक परिवार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में 28 वर्षीय अर्चना कुमारी की मौत हो गई, जबकि उनके माता-पिता और दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रारंभिक जांच में भूमि विवाद को घटना की संभावित वजह माना जा रहा है।
अस्पताल में जांच करते पुलिस पदाधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विज्ञापन
विस्तार
खगड़िया जिले के चौथम थाना क्षेत्र अंतर्गत करुआमोड़ में रविवार की देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक ही परिवार पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। इस बर्बर हमले में एक विवाहित महिला की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता और दो मासूम बच्चों सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतका की पहचान 28 वर्षीय अर्चना कुमारी के रूप में की गई है, जो कुछ महीने पहले ही अपने मायके आई थी।
अस्पताल पहुंचते ही अर्चना को डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
सभी घायलों को सोमवार सुबह इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने अर्चना कुमारी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो घायलों की नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
विज्ञापन
विज्ञापन
एक ही परिवार के पांच सदस्य बने हमले का शिकार
हमले में घायल हुए सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य हैं। घायलों में जयकांत पासवान (50 वर्ष), पिता, जिनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। पार्वती देवी (45 वर्ष), मां, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। परी कुमारी (11 वर्ष), बेटी, जो सदर अस्पताल में उपचाराधीन है। वहीं पुत्र यश कुमार का भी सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
Trending Videos
देर रात घर में घुसे बदमाश
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से चौथम थाना क्षेत्र के ठुठी मोहनपुर पंचायत स्थित खरैता गांव के रहने वाले जयकांत पासवान पिछले कुछ समय से करुआमोड़ में मकान बनाकर रह रहे थे। रविवार की देर रात पूरा परिवार सो रहा था, तभी अज्ञात बदमाश घर में घुस आए और धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
भूमि विवाद को लेकर रंजिश की आशंका
मृतका के भाई राहुल कुमार ने बताया कि उनकी बहन अर्चना दो-तीन महीने पहले ही ससुराल से मायके करुआमोड़ आई थी। उन्होंने कहा कि परिवार का पहले से कुछ लोगों के साथ भूमि विवाद चल रहा था। आशंका जताई जा रही है कि इसी रंजिश में इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया है।
डीएसपी पहुंचे अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही सोमवार सुबह सदर डीएसपी-1 मुकुल रंजन दलबल के साथ सदर अस्पताल पहुंचे और घायलों व उनके परिजनों से मुलाकात कर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ये भी पढ़ें: गैंगवार में मारा गया शूटर गोविंद, प्रॉपर्टी डीलिंग में बढ़ रही धाक से अपराध जगत में था खौफ, इन पर शक
हमलावरों की तलाश में पुलिस की ताबड़तोड़ छापेमारी
सदर डीएसपी-1 मुकुल कुमार रंजन ने बताया कि घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। परिजनों के बयान और प्राथमिक साक्ष्यों के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। हमलावरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।