मुंगेर में सनसनी: कुएं से मिले रहस्यमयी अवशेष, चार लोग हिरासत में; फोरेंसिक जांच से होगा सच का पता
ग्रामीणों का कहना है कि जिन लोगों से पूछताछ की जा रही है, उनकी निशानदेही पर मुख्य आरोपी तक पहुंचकर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। वीर सिंह के परिजन पूरी तरह टूट चुके हैं और बेसुध अवस्था में हैं।
विस्तार
मुंगेर के हवेली खड़गपुर प्रखंड के कौड़िया पंचायत अंतर्गत खंडबिहारी गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब एक पुराने कुएं से हड्डी और कपड़े के अवशेष बरामद किए गए। यह बरामदगी पिछले साल 23 जुलाई 2025 से लापता 10 वर्षीय वीर सिंह के मामले से जुड़ी आशंकाओं को और गहरा रही है।
जानकारी के अनुसार, गांव के कुछ युवकों को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने गुरुवार देर शाम पुराने कुएं की सफाई शुरू की। कुएं से पानी निकालने के बाद कीचड़ के बीच से हड्डियां और कपड़े बरामद हुए। हालांकि, पुलिस ने अभी तक स्पष्ट नहीं किया है कि ये अवशेष किसके हैं।
मौके पर एसडीपीओ अनिल कुमार, प्रशिक्षु डीएसपी व थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी समेत गंगटा और शामपुर थाना की पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी मौजूद रही। सभी अधिकारी जांच पूरी होने से पहले कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
पढ़ें: हम तो दिल्ली के ही थे, बीच में बिहार चले गए थे'; नीतीश ने बताया बिहार को कब मिलेगा नया सीएम
घटना की खबर फैलते ही आसपास के कई गांवों केंदुआ, किशनपुर, शासन, भूसिचक, लक्ष्मीपुर, धपरी, प्रसंडो, अग्रहण, शामपुर, मुजफ्फरगंज और मुढ़ेरी से सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए। कुएं से निकले अवशेषों को देखकर ग्रामीणों में चर्चा तेज हो गई कि कहीं यह लापता वीर सिंह का मामला तो नहीं। ग्रामीणों में आक्रोश भी देखा गया। उनका कहना है कि जिन लोगों से पूछताछ की जा रही है, उनकी निशानदेही पर मुख्य आरोपी तक पहुंचकर कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। वीर सिंह के परिजन पूरी तरह टूट चुके हैं और बेसुध अवस्था में हैं।
मामले पर एसपी सैयद इमरान मसूद ने बताया कि चार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है। उनकी निशानदेही पर ही कुएं से अवशेष बरामद हुए हैं। हड्डियों का डीएनए टेस्ट और कपड़ों की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी, जिसके बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि ये अवशेष किसके हैं।