दोनों पक्षों की सहमति से बनी बात: मुंगेर का ये थाना बना मंडप, जानें क्या है एफआईआर से फेरे तक की अनोखी कहानी?
मुंगेर के हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग से जुड़ा मामला पुलिस थाने तक पहुंचा, जहां दोनों पक्षों की सहमति से थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में प्रेमी युगल का विवाह संपन्न कराया गया। यह अनोखी शादी क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी रही।
विस्तार
मुंगेर के हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र से 23 जनवरी को अपने प्रेमी के साथ फरार हुई तेघड़ा गांव निवासी अजय साह की 19 वर्षीय पुत्री पायल कुमारी की शादी सोमवार को थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में संपन्न कराई गई। यह विवाह दोनों पक्षों की आपसी सहमति से पुलिस की मौजूदगी में कराया गया, जिसमें पुलिसकर्मी और स्थानीय ग्रामीण बाराती बने। यह अनोखी शादी इलाके में चर्चा का विषय बनी रही।
जानकारी के अनुसार, भागलपुर जिले के नाथनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत छोटी श्रीरामपुर निवासी ब्रजेश कुमार और हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के तेघड़ा गांव की पायल कुमारी के बीच पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध था। दोनों एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने का फैसला कर चुके थे। 23 जनवरी को पायल कुमारी घर से बाजार जाने की बात कहकर निकली और अपने प्रेमी के साथ भागलपुर चली गई।
इस मामले में 28 जनवरी को पायल के पिता अजय साह ने हवेली खड़गपुर थाना में पुत्री के घर से भागने और शादी किए जाने को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद पुलिस लगातार प्रेमी युगल की तलाश में दबिश दे रही थी। इसी क्रम में 2 फरवरी को प्रेमी युगल स्वयं थाना पहुंचा और अपने-अपने बालिग होने से संबंधित प्रमाण पत्र पुलिस के समक्ष प्रस्तुत किए।
ये भी पढ़ें- Bihar News: पुलिस व शराब माफिया की गठजोड़ का मामला वायरल, 10 लाख की मांग और 3 लाख में सौदे की क्या है कहानी?
ये लोग रहे मौजूद
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने दोनों पक्षों के परिजनों को थाना बुलाया। आपसी बातचीत और सहमति के बाद थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में विधि-विधान के साथ दोनों की शादी कराई गई। विवाह के दौरान पुलिसकर्मी, परिजन और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।
जानें कितने साल से चल रही थी ये प्रेम कहानी?
नवविवाहित जोड़े ने बताया कि वे पिछले चार वर्षों से एक-दूसरे से प्रेम करते थे। गांव में रिश्तेदारी होने के कारण उनका संपर्क बना रहा। प्राथमिकी दर्ज होने की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने स्वयं थाना पहुंचकर परिजनों की सहमति से विवाह कराने का निर्णय लिया। शादी के बाद दोनों ने खुशी जाहिर करते हुए साथ जीवन बिताने की बात कही।

थाना परिसर में प्रेमी युगल का शादी

थाना परिसर में प्रेमी युगल का शादी