Bihar News: घर से 100 मीटर दूर मिला प्रॉपर्टी डीलर का शव, इलाके में मची सनसनी; पुलिस ने शुरू की जांच
मुंगेर जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र में एक प्रॉपर्टी डीलर की संदिग्ध हालात में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बड़ी दरियापुर निवासी रंजीत कुमार (करीब 45 वर्ष) के रूप में हुई है, जो प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। परिवार के मुताबिक शुक्रवार रात वह घर नहीं लौटे और बाद में घर से करीब 100 मीटर दूर संदिग्ध हालत में पड़े मिले।
विस्तार
मुंगेर जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र में एक प्रॉपर्टी डीलर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान बड़ी दरियापुर निवासी रंजीत कुमार (लगभग 45 वर्ष) के रूप में हुई है। वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी।
देर रात घर से 100 मीटर दूर संदिग्ध हालत में मिले
मृतक की पत्नी निर्मला देवी ने बताया कि शुक्रवार को उनकी बेटी काजल कुमारी की प्रैक्टिकल परीक्षा थी। इसी वजह से घर में पढ़ाई का माहौल था। लेकिन देर रात तक रंजीत कुमार घर नहीं लौटे। इसी बीच कुछ स्थानीय लोगों ने परिवार को सूचना दी कि घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर रंजीत कुमार संदिग्ध हालत में पड़े हुए हैं। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और उन्हें आनन-फानन में जमालपुर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए।
सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने रंजीत कुमार की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें तुरंत सदर अस्पताल मुंगेर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें लेकर सदर अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पढ़ें: रात में घर से निकला युवक, सुबह खेत में मिला शव; पत्नी बोली- कर्ज मांगने वाला ही बना कातिल
परिवार में मचा कोहराम
रंजीत कुमार अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी एक बेटी काजल कुमारी (19 वर्ष) है, जो इंटर में पढ़ाई कर रही है। वहीं बेटा आदित्य कुमार (16 वर्ष) है। घटना के बाद से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है और घर में मातम का माहौल बना हुआ है। घटना को लेकर पुलिस ने एक महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक मौत के कारणों का साफ खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है।