Bihar News: सरकारी जमीन पर शव दफनाने को लेकर तनाव, प्रशासन ने तुरंत संभाला हालात
Bihar News: मुंगेर में सरकारी जमीन पर शव दफनाने को लेकर गुरुवार सुबह तनाव उत्पन्न हो गया। हालांकि पुलिस और प्रशासन ने हस्तक्षेप कर स्थिति को शांत कराया और शव को निकटवर्ती कब्रिस्तान में दफनाया गया।
विस्तार
मुंगेर जिले के लखनपुर के तारापुर थाना क्षेत्र में प्रस्तावित पंचायत सरकार भवन और स्वास्थ्य उपकेंद्र के लिए चिन्हित सरकारी जमीन पर शव दफनाने को लेकर गुरुवार सुबह तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश देकर मामला शांत कराया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, लखनपुर निवासी मोहम्मद इस्लाम के 45 वर्षीय पुत्र मोहम्मद जुबेर की मृत्यु के बाद परिजन सरकारी जमीन पर शव दफनाने के लिए कब्र खुदाई कर रहे थे। यह देख ग्रामीणों ने तत्काल तारापुर पुलिस को सूचना दी।
कब्र खोदने से रोकने पर भड़के लोग
घटना की जानकारी जैसे ही तारापुर थानाध्यक्ष राज कुमार को मिली वह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और कब्र खोदने से मना किया। इस दौरान कुछ लोग आक्रोशित हो गए, जिसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को भी सूचना दी गई। स्थिति को संभालने के लिए एसडीपीओ, एसडीओ राकेश रंजन कुमार, बीडीओ प्रशांत कुमार और हरपुर तथा असरगंज के थानाध्यक्षों के साथ क्विक रिस्पांस टीम (QRT) भी घटनास्थल पर पहुंची।
प्रशासन के हस्तक्षेप से दफनाया गया शव
एसडीओ राकेश रंजन कुमार ने बताया कि संबंधित भूमि पहले से ही पंचायत सरकार भवन और एपीएचसी (अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) के लिए चिन्हित है। लोगों को समझाया गया कि यह अधिकृत कब्रिस्तान नहीं है। प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद शव को निकटवर्ती कब्रिस्तान में दफनाया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है। साथ ही चेतावनी दी गई कि चिन्हित सरकारी जमीन पर किसी भी प्रकार का अवरोध उत्पन्न करने पर विधिसम्मत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें: बिहार में बदलाव की ग्राउंड रिपोर्ट, जहां कभी थी नक्सलियों की बारूदी गंध, अब वहां है अमरूदी सुगंध
पुलिस ने स्थानीय लोगों से की अपील
थानाध्यक्ष ने यह भी बताया कि जांच की जा रही है कि कहीं किसी की मंशा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की तो नहीं थी। यदि ऐसी आशंका पाई जाती है, तो प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। स्थिति को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने तनावपूर्ण माहौल को नियंत्रित किया और स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील की।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.