बिहार में खाकी बेबस?: उग्र भीड़ ने पुलिस को घेरकर हिरासत से आरोपी छुड़ाया, कानून-व्यवस्था पर बड़े सवाल; जानें
मझौलिया में पुलिस द्वारा हिरासत में लिए गए आरोपी को भीड़ ने घेरकर छुड़ा लिया। घटना का वीडियो वायरल है। पुलिस ने 20 लोगों पर केस दर्ज किया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई तेज कर दी है।
विस्तार
मझौलिया थाना क्षेत्र में पुलिस पर हमले और आरोपी को छुड़ाने का मामला सामने आया है, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि बहुअरवा गांव में कुछ संदिग्ध अपराधी एकत्रित हैं। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान रीठा महतो नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया।
बताया जाता है कि जैसे ही पुलिस आरोपी को लेकर जाने लगी, वहां मौजूद लोगों की भीड़ आक्रोशित हो गई। पहले पुलिस और भीड़ के बीच बहस हुई, जो देखते ही देखते धक्का-मुक्की में बदल गई। स्थिति बिगड़ने पर भीड़ ने पुलिस वाहन को घेर लिया और जबरन आरोपी को छुड़ा लिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार भी किया गया। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह भीड़ ने कानून को अपने हाथ में लेकर पुलिस कार्रवाई में बाधा डाली।
पढ़ें; नया सवेरा 2.0 अभियान के तहत मानव तस्करी पर पुलिस का बड़ा वार, आठ किशोरियां की गईं रेस्क्यू; 4 गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने करीब 20 लोगों को नामजद करते हुए प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। यह घटना न केवल पुलिस की कार्यप्रणाली बल्कि समाज में कानून के प्रति घटती संवेदनशीलता पर भी सवाल खड़े करती है। ऐसे मामलों में सख्ती से कार्रवाई आवश्यक है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।