Bihar: वैशाली में सिक्सलेन पुल पर दिनदहाड़े युवक की गोली मारकर हत्या, जांच में जुटी पुलिस; क्षेत्र में दहशत
वैशाली के राघोपुर में सिक्सलेन पुल पर बुधवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। सिर और पेट में गोली लगने से अंशुमन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने घटनास्थल से चार खोखे बरामद कर जांच शुरू कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वैशाली जिले के राघोपुर प्रखंड अंतर्गत रुस्तमपुर थाना क्षेत्र के सिक्सलेन पुल पर बुधवार को दिनदहाड़े अपराधियों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। इस दुस्साहसिक और सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। मृतक की पहचान बिदुपुर थाना क्षेत्र के चेचर निवासी सुनील कुमार सिंह के पुत्र अंशुमन कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, अंशुमन कुमार निजी काम से बिदुपुर से रुस्तमपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान जब वह सिक्सलेन पुल पर पाया नंबर 32 के पास पहुंचे, तो पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। सिर और पेट में गोली लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात की सूचना मिलते ही राघोपुर और रुस्तमपुर थाने की पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से चार खाली खोखे बरामद किए हैं। साथ ही फॉरेंसिक टीम की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाल रही पुलिस
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह और वारदात में शामिल अपराधियों की पहचान को लेकर पुलिस गहन छानबीन कर रही है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाल रही है, ताकि अपराधियों तक जल्द पहुंचा जा सके।
मौके पर पुलिस के अधिकारी भी पहुंचे और पूरे मामले की जांच-पड़ताल की। सिक्सलेन पुल पर पुलिस की गश्त भी बढ़ा दी गई है। हालांकि, वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार हो गए।
ये भी पढ़ें- Bihar News: 10 दिन की पुलिया, तीसरी बार बह गई; हर बारिश में टूटता संपर्क, कब मिलेगा स्थायी समाधान?
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।